धनबाद। जिले के वरीय पदाधिकारियों को राखी बांधने के लिए 25 अगस्त को उपायुक्त कार्यालय पहुंची 25 विद्यालयों की छात्राओं में उत्क्रमित मध्य विद्यालय, बोर्रागढ़, झरिया की छात्राएं भी शामिल थीं. इस दौरान उपायुक्त आदित्य रंजन और वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार ने छात्राओं से खुला संवाद किया.
छात्राओं ने खुलकर बताई विद्यालय की समस्या
संवाद के दौरान मध्य विद्यालय, बोर्रागढ़ की छात्राओं ने अपने विद्यालय की समस्याओं को अधिकारियों के सामने रखा. छात्राओं ने बताया कि विद्यालय के रसोईघर का ताला तोड़कर बर्तन और मोटर की चोरी कर ली गई है. इससे विद्यालय में मध्याह्न भोजन को लेकर समस्या उत्पन्न हो रही थी.
SSP ने थाना को दिया तत्काल कार्रवाई का निर्देश
छात्राओं की बात सुनने के बाद वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार ने स्थानीय थाना को तत्काल फोन कर त्वरित कार्रवाई का निर्देश दिया. उन्होंने थाना को निर्देश दिया कि बच्चों का मध्याह्न भोजन बाधित नहीं होना चाहिए. इसके लिए आवश्यक बर्तन-सामग्री और मोटर की तत्काल व्यवस्था विद्यालय में कराने को कहा.
विद्यालय में उपलब्ध कराई गई आवश्यक सामग्री
इसी क्रम में आज स्थानीय थाना की ओर से विद्यालय में आवश्यक सामग्री की उपलब्धता सुनिश्चित कराई गई. इसके बाद विद्यालय की प्रभारी प्रधानाध्यापिका और सभी बच्चों ने इस त्वरित एवं संवेदनशील पहल के लिए वरीय पुलिस अधीक्षक और स्थानीय थाना के प्रति आभार व्यक्त किया.

