बेगूसराय: गिरिराज सिंह को ‘आतंकी हत्या’ की धमकी, चिट्ठी में ‘हार्डकोर आतंकियों’ का जिक्र; FIR दर्ज

Reena Sharma
3 Min Read

दिल्ली ऑफिस पहुंची धमकी भरी चिट्ठी

केंद्रीय कपड़ा मंत्री गिरिराज सिंह को जान से मारने की धमकी मिली है। डाक के जरिए दिल्ली स्थित उनके कार्यालय में भेजी गई एक गुमनाम चिट्ठी में लिखा था—“You will be killed shortly by hardcore terrorists.” चिट्ठी के नीचे दो मोबाइल नंबर भी दर्ज थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए उनके निजी सचिव (IAS) योगेंद्र सिंह ने केंद्रीय गृह मंत्रालय के सचिव को इसकी जानकारी दी।

चिट्ठी में दर्ज नंबरों का कर्नाटक से जुड़ा तार

3 सितंबर को नई दिल्ली के नेताजी नगर स्थित जीपीओए-3 के कमरा नंबर 5605 में साधारण डाक से यह पत्र प्राप्त हुआ था। लिफाफे पर गिरिराज सिंह, वस्त्र मंत्री, उद्योग भवन, डॉ. मौलाना आजाद रोड, नई दिल्ली का पता लिखा था। शुरुआती जांच में चिट्ठी में दर्ज मोबाइल नंबर 9666010152 और 8074731849 का संबंध कर्नाटक के कोलार जिले के श्रीनिवासपुरा तालुका के इम्बाला गांव निवासी नीतीश रेड्डी, पिता रामकृष्ण रेड्डी से सामने आया है।

BNS की धाराओं में मामला दर्ज, जांच के लिए दिल्ली रवाना टीम

केंद्रीय मंत्री के निजी सचिव की सूचना के बाद बेगूसराय नगर थाने में FIR दर्ज की गई। नगर थाना प्रभारी सह पुलिस निरीक्षक सतीश कुमार हिमांशु के बयान पर 4 सितंबर को मामला दर्ज हुआ। FIR में भारतीय न्याय संहिता (BNS) 2023 की धारा 55, 351(3) और 61(2) के तहत साजिश, जान से मारने की धमकी और आपराधिक षड्यंत्र के आरोप शामिल किए गए हैं। सदर डीएसपी (प्रभारी) इमरान अहमद के अनुसार, मामले की जांच के लिए पुलिस टीम दिल्ली रवाना हो चुकी है।

Advertisement

पहले भी मिल चुकी है धमकी

पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि धमकी भरी चिट्ठी कहां से भेजी गई और इसके पीछे कौन लोग हैं। पत्र में दर्ज मोबाइल नंबरों के साथ-साथ अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है। इससे पहले सितंबर 2024 में भी गिरिराज सिंह के तत्कालीन सांसद प्रतिनिधि अमरेन्द्र कुमार अमर को पाकिस्तान से व्हाट्सऐप कॉल के जरिए जान से मारने की धमकी दिए जाने का मामला सामने आया था, हालांकि उस मामले में अब तक कोई उपलब्धि हासिल नहीं हुई है।

Share This Article