डिजिटल डेस्क।जमशेदपुर:शहर में इन दिनों मौसम का मिजाज बार-बार बदल रहा है, जिससे कभी तेज धूप और उमस तो कभी राहत भरी फुहारें देखने को मिल रही हैं। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, आने वाले दिनों में भी मौसम का यह उतार-चढ़ाव यूं ही जारी रहेगा।
आने वाले दिनों का हाल
आज से 16 सितंबर: जमशेदपुर और आसपास के इलाकों में धूप-छांव का खेल चलेगा और इस दौरान छिटपुट या हल्की बारिश होने की संभावना है।
17 और 18 सितंबर: आसमान साफ रहने और धूप निकलने का अनुमान जताया गया है।
19 सितंबर: मौसम एक बार फिर करवट लेगा और बारिश होने की संभावना है।
बीते 24 घंटों का तापमान और आंकड़े
रविवार को दिनभर निकली तेज धूप और उमस ने लोगों को काफी बेहाल किया था। वहीं, बीते 24 घंटों के दौरान शहर में 8 मिमी वर्षा दर्ज की गई। रविवार को शहर का अधिकतम तापमान 33.6 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया था। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि लगातार बदलते इस मौसम के बीच लोगों को सतर्क रहने की आवश्यकता है।

