धनबाद पुलिस ने साइबर अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन साइबर शील्ड’ के तहत निरसा के पिठाकियारी गांव में बड़ी कार्रवाई की है। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस की 155 जवानों वाली टीम ने गांव की घेराबंदी कर 11 आरोपियों को गिरफ्तार किया। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने ₹2.85 लाख नकद, 19 मोबाइल फोन और कई बैंकिंग व पहचान संबंधी दस्तावेज बरामद किए हैं।
155 जवानों ने गांव को घेरा
1 अक्टूबर को मिली सूचना के बाद एसएसपी के निर्देश पर विशेष टीम बनाई गई। ग्रामीण एसपी के नेतृत्व में एसडीपीओ निरसा, डीएसपी सीसीआर, अंचल निरीक्षक, थाना प्रभारी के साथ महिला और पुरुष सशस्त्र बलों को अभियान में शामिल किया गया। टीम ने पिठाकियारी गांव की घेराबंदी कर आरोपियों को पकड़ा।
₹2.85 लाख कैश और 19 मोबाइल बरामद
पुलिस के अनुसार, सचिन रविदास के पास से ₹2.03 लाख और सागर रविदास के पास से ₹82 हजार नकद मिले। इसके अलावा 19 मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं। इनमें iPhone के साथ Samsung, OnePlus, Oppo, Vivo, Redmi और Motorola के फोन शामिल हैं।
बैंकिंग दस्तावेज और डायरी भी मिली
छापेमारी में SBI, HDFC, Canara, Axis, Federal, Bandhan Bank समेत कई बैंकों के एटीएम/डेबिट कार्ड, पासबुक और चेकबुक बरामद हुए। पुलिस को आधार और पैन कार्ड के साथ एक डायरी भी मिली है, जिसमें साइबर ठगी और बैंक खातों से जुड़ी जानकारी दर्ज होने की बात सामने आई है।
11 आरोपियों की हुई गिरफ्तारी
गिरफ्तार आरोपियों में श्याम सुंदर रविदास, राहुल कुमार उर्फ राहुल रविदास, सचिन रविदास, मलय रविदास, श्यामापदो रविदास, झंटू ठाकुर, कुदन वर्णवाल, अरमान रविदास, अजय रविदास, विजय रविदास और सागर रविदास शामिल हैं। सभी आरोपी पिठाकियारी गांव के रहने वाले बताए गए हैं।
कई आरोपियों का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड
पुलिस जांच में राहुल कुमार, श्याम सुंदर, श्यामापदो, सचिन, मलय और सागर रविदास का पूर्व आपराधिक इतिहास सामने आया है। पुलिस के अनुसार, इन पर रंगदारी, धोखाधड़ी और आईटी एक्ट से जुड़े मामले पहले भी दर्ज हैं। निरसा थाना में मामला दर्ज कर बीएनएस और आईटी एक्ट की धाराओं के तहत आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

