डिजिटल डेस्क। मिरर मीडिया:आदित्यपुर थाना क्षेत्र के श्रीडूंगरी इलाके से एक बेहद दुखद और झकझोर देने वाली खबर सामने आई है। यहां एक 19 वर्षीय युवक ने संदिग्ध परिस्थितियों में अपने कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। इस घटना के बाद से मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है और इलाके में शोक की लहर है।
श्राद्ध कार्यक्रम में गए थे परिवार के लोग
पुलिस से मिली शुरुआती जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान राजेश महतो के रूप में हुई है, जो मूल रूप से यशपुर पंचायत क्षेत्र का रहने वाला था। राजेश आदित्यपुर के श्रीडूंगरी में अपने एक रिश्तेदार के यहां रहकर छोटा-मोटा काम-धंधा कर रहा था।
बताया जा रहा है कि जिस वक्त यह दर्दनाक हादसा हुआ, उस समय घर के बाकी सदस्य किसी रिश्तेदार के यहां एक श्राद्ध कार्यक्रम में शामिल होने बाहर गए हुए थे। घर पर अकेला पाकर युवक ने यह खौफनाक कदम उठा लिया और कमरे में फंदा लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली।
जांच में जुटी पुलिस
घटना का पता तब चला जब आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। सूचना मिलते ही स्थानीय निवासियों और समाजसेवियों ने गहरी संवेदना व्यक्त की है। फिलहाल इस आत्महत्या के पीछे की असली वजह क्या थी, इसका खुलासा नहीं हो पाया है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों से पूछताछ के बाद ही स्थिति पूरी तरह साफ हो सकेगी।

