धनबाद में शिक्षा विभाग से जुड़ा एक मामला अब थाने तक पहुंच गया है. जिला शिक्षा अधीक्षक शालिनी डुंगडुंग ने अखिल झारखंड प्राथमिक शिक्षक संघ के कुछ पदाधिकारियों पर बदसलूकी, धमकी देने और सरकारी वाहन को घेरने का गंभीर आरोप लगाया है. इस मामले में संघ के अध्यक्ष सुनील कुमार भगत और महासचिव सियाराम प्रसाद सिंह का नाम सामने आया है.
थाना प्रभारी को दिया आवेदन
जिला शिक्षा अधीक्षक ने धनबाद थाना प्रभारी को आवेदन देकर आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने और कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है. उन्होंने अपने आवेदन में दावा किया है कि 10 अक्टूबर को मिश्रित भवन स्थित शिक्षा विभाग के कॉन्फ्रेंस हॉल में बातचीत के दौरान विवाद शुरू हुआ. इसके बाद जब वह अपने सरकारी वाहन से निकलने लगीं, तो कुछ लोगों ने गाड़ी को घेर लिया.
सरकारी वाहन पर वार करने का आरोप
आवेदन के मुताबिक, वाहन पर वार करने, शीशा तोड़ने की कोशिश करने और जबरन गाड़ी का गेट खोलने का भी आरोप लगाया गया है. जिला शिक्षा अधीक्षक ने मिश्रित भवन के सामने स्थित बैंक ऑफ इंडिया के CCTV फुटेज की जांच कराने की मांग की है.
पुलिस जांच और संबंधित पक्षों के जवाब का इंतजार
अब सवाल है कि क्या विभागीय मांगों को लेकर बातचीत के दौरान मर्यादा की सीमाएं लांघी गईं? और क्या CCTV फुटेज से पूरे घटनाक्रम की सच्चाई सामने आ पाएगी?
फिलहाल शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और अब पुलिस की जांच और संबंधित पक्षों का जवाब सामने आना बाकी है.

