धनबाद। झारखंड स्थापना दिवस पखवाड़ा के अवसर पर 19 नवंबर को धनबाद के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों पर ‘पूरक पोषाहार कार्यक्रम – स्वस्थ बचपन, मजबूत झारखंड’ थीम के तहत विशेष कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस पहल का मुख्य उद्देश्य बच्चों और माताओं के बीच पोषण के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा स्थानीय पौष्टिक आहार को बढ़ावा देना रहा।
टीएचआर और गर्म पका भोजन की दी गयी जानकारी
आंगनबाड़ी केंद्रों पर आयोजित कार्यक्रम में लाभुकों को टीएचआर (टेक होम राशन) एवं गर्म पका भोजन से संबंधित विस्तृत जानकारी दी गयी। इसके साथ ही उन्हें पूरक पोषाहार के महत्व और बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य एवं विकास में इसकी भूमिका के प्रति जागरूक किया गया।
स्थानीय पौष्टिक व्यंजनों की लगायी गयी प्रदर्शनी
कार्यक्रम के दौरान आंगनबाड़ी केंद्रों पर स्थानीय खाद्य पदार्थों की प्रदर्शनी लगायी गयी। इसमें स्थानीय पौष्टिक व्यंजनों का प्रदर्शन किया गया, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों में उपलब्ध पोषक खाद्य पदार्थों का सही उपयोग किया जा सके और लोगों को पौष्टिक भोजन के प्रति प्रोत्साहित किया जा सके।
गर्भवती और धात्री माताओं को किया गया जागरूक
कार्यक्रम में उपस्थित माताओं को गर्भावस्था और धात्री अवस्था के दौरान संतुलित एवं पौष्टिक आहार लेने की जानकारी दी गयी। उन्हें बेहतर पोषण के महत्व और मां एवं बच्चे के स्वास्थ्य पर इसके सकारात्मक प्रभावों के बारे में भी बताया गया।
एफआरएस के माध्यम से हुआ पोषाहार का वितरण
कार्यक्रम के तहत एफआरएस (फेस रिकग्निशन सिस्टम) के माध्यम से लाभुकों के बीच पोषाहार का पारदर्शी वितरण सुनिश्चित किया गया। इस व्यवस्था के माध्यम से पोषाहार वितरण प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी और व्यवस्थित बनाने पर जोर दिया गया।

