गया एयरपोर्ट पर ढाई करोड़ का हाइड्रोपोनिक गांजा जब्त, महिला समेत दो तस्कर गिरफ्तार

Reena Sharma
3 Min Read

बिहार। बिहार में शराब और गांजा तस्करी के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। इसी बीच गया एयरपोर्ट पर कस्टम विभाग की टीम ने गांजा तस्करी के एक बड़े मामले का खुलासा किया है। बैंकॉक से आए दो भारतीय यात्रियों के हैंड बैगेज से करीब ढाई करोड़ रुपये का हाइड्रोपोनिक गांजा बरामद किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों में एक महिला भी शामिल है। दोनों को कस्टम विभाग की टीम ने गिरफ्तार कर लिया है।

बैंकॉक से गया पहुंची फ्लाइट में मिला गांजा

गुरुवार को बैंकॉक से इंडिगो की फ्लाइट संख्या 6E-1084 गया एयरपोर्ट पहुंची थी। विमान से उतरने के बाद यात्रियों के हैंड बैगेज की स्कैनर से जांच की जा रही थी। इसी दौरान दो यात्रियों के बैग में कस्टम अधिकारियों को संदिग्ध सामान दिखाई दिया। बैग खोलकर तलाशी लेने पर उसमें गांजा मिला। जांच के बाद गांजे के हाइड्रोपोनिक होने की पुष्टि हुई।

मोहम्मद रियासत हुसैन और विजेता विनोद गजभिये गिरफ्तार

कस्टम विभाग ने गांजे की पूरी खेप जब्त कर दोनों यात्रियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मोहम्मद रियासत हुसैन और विजेता विनोद गजभिये के रूप में हुई है। दोनों भारतीय नागरिक हैं। बरामद गांजे की कीमत करीब ढाई करोड़ रुपये बताई जा रही है। कस्टम विभाग की टीम दोनों से पूछताछ कर रही है कि गांजा बैंकॉक में कहां से लाया गया था और इसे गया या आसपास के इलाके में किसे पहुंचाना था। शुक्रवार को दोनों को गया कोर्ट में पेश किया जाएगा।

एक महीने में दूसरी बार पकड़ी गई गांजे की खेप

गया एयरपोर्ट पर एक महीने के अंदर बैंकॉक से गांजा तस्करी का यह दूसरा मामला है। इससे पहले 4 नवंबर को थाई एयरवेज की फ्लाइट से करीब 10.5 किलो गांजा बरामद किया गया था। उस मामले में पंजाब की दो महिला यात्रियों को गिरफ्तार किया गया था। लगातार दूसरे मामले के सामने आने के बाद एयरपोर्ट पर कस्टम विभाग की सतर्कता बढ़ा दी गई है। खासतौर पर यात्रियों के सामान की सघन जांच की जा रही है।

क्या होता है हाइड्रोपोनिक गांजा?

हाइड्रोपोनिक गांजा भांग की एक ऐसी किस्म है, जिसे मिट्टी के बिना पानी और नियंत्रित वातावरण में उगाया जाता है। इसे सामान्य गांजे की तुलना में अधिक शक्तिशाली माना जाता है। भारत में इसका उत्पादन, खरीद-बिक्री और तस्करी NDPS अधिनियम के तहत गैरकानूनी है। इसका नशा काफी तेज होता है और स्वास्थ्य के लिए खतरनाक माना जाता है।

Share This Article