टिहरी। उत्तराखंड के टिहरी जिले से साइबर ठगी का हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक महिला को ऑनलाइन शॉपिंग ऐप पर 500 रुपये की कुर्ती खरीदना महंगा पड़ गया। साइबर ठगों ने महिला को अपनी बातों में फंसाकर करीब 13 लाख रुपये की ठगी कर ली। मामले में पुलिस ने राजस्थान से एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान गुलशन मीणा के रूप में हुई है।
500 रुपये की कुर्ती के ऑर्डर के बाद आया व्हाट्सएप मैसेज
पुलिस के मुताबिक, अक्टूबर में महिला ने ऑनलाइन शॉपिंग ऐप पर 500 रुपये की कुर्ती का विज्ञापन देखकर ऑर्डर किया था। कुछ दिनों बाद उसके व्हाट्सएप पर एक मैसेज आया, जिसमें बताया गया कि उसका ऑर्डर कहीं अटक गया है और उसे प्राप्त करने के लिए एक हजार रुपये अतिरिक्त जमा करने होंगे। महिला ने बताए गए खाते में एक हजार रुपये भेज दिए। इसके बाद साइबर ठगों ने उसे अपनी बातों में फंसाना शुरू कर दिया और तीन लाख रुपये और ऐंठ लिए।
रकम दोगुनी करने का लालच देकर खाते में डलवाए 10 लाख
ठगों ने महिला को एक कंपनी में निवेश करने और रकम दोगुनी करके लौटाने का लालच दिया। महिला को भरोसा दिलाने के लिए आरोपियों ने उसके खाते में 10 हजार रुपये भी ट्रांसफर किए। इससे महिला को लगा कि निवेश के जरिए वास्तव में कमाई हो सकती है। इसके बाद उसने ठगों के बताए खातों में 10 लाख रुपये जमा कर दिए। बाद में जब उसे ठगी का एहसास हुआ तो उसने चंबा थाने में शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद मामले को साइबर सेल में ट्रांसफर कर दिया गया।
राजस्थान से आरोपी गुलशन मीणा गिरफ्तार
टिहरी की SSP सरिता डोबाल के मुताबिक, जांच के बाद पुलिस ने राजस्थान के जयपुर जिले के बरवा वस्सी से आरोपी गुलशन मीणा को गिरफ्तार किया। आरोपी ही महिला से व्हाट्सएप के जरिए बातचीत कर रहा था। पूछताछ के बाद उसे अदालत में पेश किया गया, जहां से न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। पुलिस मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।
साइबर ठगी से बचने के लिए पुलिस ने किया सतर्क
पुलिस लगातार लोगों को साइबर फ्रॉड से सावधान रहने की अपील करती रही है। लोगों को अनजान व्यक्तियों पर पैसों के मामले में भरोसा नहीं करने और किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक करने से बचने की सलाह दी जाती है। इसके बावजूद साइबर ठगी के मामले सामने आ रहे हैं। इससे पहले दिल्ली पुलिस ने साइबर ठगी के एक बड़े सिंडिकेट का पर्दाफाश करते हुए गैंग के 22 आरोपियों को गिरफ्तार किया था और 20 करोड़ रुपये सीज किए थे।

