Dhanbad: धनबाद जिला कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष सतपाल सिंह ने बजट को बताया पक्षपाती और जनविरोधी, कहा- भाजपा सरकार की कथनी और करनी में अंतर

Uday Kumar Pandey
3 Min Read

मिरर मीडिया, डिजिटल डेस्क : Dhanbad धनबाद जिला कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष सह प्रवक्ता सतपाल सिंह ब्रोका ने कहा है कि 2024-25 का बजट राजनीतिक रूप से पक्षपाती और जन विरोधी है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने सत्ता बचाने के लिए बुनियादी ढांचे और अर्थव्यवस्था में सुधार के लिए केवल आंध्र प्रदेश और बिहार का उल्लेख किया है, जबकि अन्य राज्यों को वंचित कर दिया गया है। उन्होंने भाजपा सरकार की कथनी और करनी के फर्क को उजागर करते हुए कहा कि यह बजट केवल एनडीए की सत्ता को बचाने के लिए है।

सतपाल सिंह ब्रोका ने आगे कहा कि बजट में बेरोजगारी, महंगाई, और खाद्य पदार्थों की बढ़ती कीमतों को कम करने के लिए कोई ठोस योजना नहीं है। उन्होंने कहा कि 80 से 100 रुपये प्रति किलो टमाटर, 50 रुपये प्रति किलो प्याज, 40 रुपये प्रति किलो आलू, और सब्जियों-दालों की बढ़ती कीमतें आम आदमी के बजट को असंतुलित कर रही हैं। उन्होंने सरकार पर रेल दुर्घटनाओं की बढ़ती घटनाओं पर ध्यान न देने का आरोप लगाया।

झारखंड प्रदेश कांग्रेस अनुशासन समिति के अध्यक्ष ब्रजेंद्र प्रसाद सिंह ने कहा कि वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा पेश किया गया बजट अब तक का सबसे निराशाजनक बजट है। उन्होंने कहा कि इसमें मध्यम वर्गीय परिवारों, उच्च मध्यमवर्गीय परिवारों और सीनियर सिटीजन के लिए कुछ भी नहीं है। उन्होंने इसे केवल खाना पूर्ति का बजट कहा और झारखंड को पूरी तरह अछूता बताया।

धनबाद जिला कांग्रेस कमिटी के जिलाध्यक्ष संतोष कुमार सिंह ने कहा कि यह बजट सरकार की कमजोरी और अस्थिरता का उदाहरण है। उन्होंने कहा कि बजट केवल दो प्रदेशों और दो विशेष राजनीतिक दलों को तवज्जो देने के लिए है।कांग्रेस के प्रवक्ता ने भी मोदी सरकार के बजट को “नकलची बजट” कहा और आरोप लगाया कि यह बजट एनडीए को बचाने के लिए आधी-अधूरी “रेवड़ियां” बाँट रहा है।

गौरव गर्ग ने कहा कि बजट में झारखंड के बारे में कोई उल्लेख नहीं है, जबकि बिहार को राहत पैकेज दिया गया है।

राजीव शर्मा ने कहा कि बजट में कुछ योजनाएं अच्छी हैं, लेकिन उनका क्रियान्वयन एक बड़ी चुनौती है। उन्होंने कहा कि झारखंड जैसे खनिज संपदा से भरपूर राज्य के विकास के लिए और ध्यान देने की जरूरत है।

Share This Article
Follow:
मैं उदय कुमार पाण्डेय, मिरर मीडिया के न्यूज डेस्क पर कार्यरत हूँ।