डिजिटल डेस्क। मिरर मीडिया: डोनाल्ड ट्रंप सोमवार कोअमेरिका के 47वें राष्ट्रपति के रूप में शपथ लेंगे। इस अवसर पर वाशिंगटन डीसी में आयोजित एक भव्य समारोह और विजय रैली में उन्होंने अपने हजारों समर्थकों को संबोधित करते हुए अमेरिका को फिर से महान बनाने का संकल्प लिया। ट्रंप ने अपने संबोधन में कई बड़े वादे किए और पहले दिन से ही बदलाव की शुरुआत करने का संकेत दिया।
पहले दिन से करेंगे बड़े फैसले
डोनाल्ड ट्रंप ने शपथ ग्रहण के तुरंत बाद से ‘ताकत की ऐतिहासिक गति’ के साथ काम करने का संकल्प लिया है। उन्होंने कहा कि अमेरिका के सामने आने वाले हर संकट को सशक्त तरीके से हल करेंगे। राजधानी के कैपिटल वन एरिना में आयोजित ‘अमेरिका को फिर से महान बनाएं’ विजय रैली में ट्रंप ने समर्थकों से कहा, कल सूरज डूबने तक हमारे देश पर आक्रमण रुक जाएगा।
अवैध प्रवासियों पर सख्त रुख
रैली में अपने संबोधन के दौरान ट्रंप ने अवैध प्रवासियों और सीमा सुरक्षा पर सख्त कार्रवाई का वादा किया। उन्होंने कहा कि वे अपने राष्ट्रपति अभियान के केंद्रीय वादों को तेजी से पूरा करेंगे और अमेरिका से अवैध प्रवासियों को बाहर निकालेंगे। ट्रंप ने कहा, “हमारे देश की सीमाओं पर सख्त नियंत्रण स्थापित किया जाएगा।
इतिहास के सबसे बड़े राजनीतिक आंदोलन का दावा
अपने समर्थकों के उत्साह को देखते हुए ट्रंप ने कहा, “यह अमेरिकी इतिहास का सबसे बड़ा राजनीतिक आंदोलन है। हमने 75 दिन पहले अपने देश की सबसे बड़ी राजनीतिक जीत हासिल की है।” उन्होंने जोर देकर कहा कि अब समय आ गया है कि अमेरिका फिर से अपनी खोई हुई महानता हासिल करे।
6 जनवरी के बाद पहली बड़ी रैली
डोनाल्ड ट्रंप की यह रैली 6 जनवरी, 2021 को दिए गए उस भाषण के बाद उनकी पहली बड़ी सार्वजनिक उपस्थिति थी, जिसके बाद उनके समर्थकों ने यूएस कैपिटल पर हमला किया था। ट्रंप ने अपने संबोधन में उस घटना का जिक्र तो नहीं किया, लेकिन यह स्पष्ट किया कि वे एक नई शुरुआत के साथ आगे बढ़ रहे हैं।
ट्रंप ने अपने भाषण को समाप्त करते हुए कहा, मैं कल से ही ताकत की ऐतिहासिक गति के साथ काम करूंगा और हमारे देश को हर संकट से उबारूंगा।उनके इस संबोधन ने समर्थकों में नया जोश भर दिया है और शपथ ग्रहण समारोह को लेकर उत्साह चरम पर है।