बिहार में बढ़ते अपराध को लेकर नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर तीखा हमला बोला है। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने बिहार में अपराध की स्थिति को भयावह बताया है। उन्होंने कहा कि स्थिति बहुत खराब है। अपराधियों को खुलेआम सरकार ने छूट दे दिया है, नीतीश कुमार बिल्कुल अचेत अवस्था में है।

व्यापारी वर्ग को निशाना बनाया जा रहा-तेजस्वी
तेजस्वी यादव ने कहा कि, पटना जैसे राजधानी शहर में एक दिन में पांच-पांच गोलीबारी की घटनाएं हो रही हैं, लेकिन कोई देखने वाला नहीं है। हालात इतने खराब हैं कि हर जिले में व्यापारी वर्ग को निशाना बनाया जा रहा है। गोलीबारी और हत्याएं हो रही हैं, लेकिन एक भी समीक्षा बैठक नहीं की जा रही है।
बिहार में अफसरशाही चल रही-तेजस्वी
आरजेडी नेता ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री तक सही जानकारी नहीं पहुंचाई जाती। नीतीश कुमार को सिर्फ लिखा-पढ़ी का एक कागज थमा दिया जाता है। अधिकारी उन्हें भ्रमण पर ले जाते हैं और वापस भी ले आते हैं। निरीक्षण के नाम पर सिर्फ औपचारिकताएं निभाई जाती हैं। तेजस्वी ने कहा कि बिहार में अफसरशाही चल रही है। अधिकारी कहते हैं तो सीएम नीतीश उठते हैं, अधिकारी बोलते हैं तो सीएम नीतीश बैठते हैं।
चिराग-नीतीश मुलाकात पर क्या बोले तेजस्वी
वहीं, चिराग पासवान से नीतीश कुमार की मुलाकात पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा कि यह उनका निजी मामला है, हमें इससे कोई लेना-देना नहीं है। तेजस्वी यादव ने यह भी कहा कि सत्ता पक्ष का काम अब सिर्फ लालू यादव और तेजस्वी यादव को गाली देना रह गया है। उन्होंने कहा कि, अगर हम कुछ बोलते हैं तो हमें 2005 से पहले की याद दिलाई जाती है। अब 2005 में जन्मा बच्चा भी 20 साल का हो गया है। उसके भविष्य के बारे में सोचिए।