धनबाद में मिलावटी और असुरक्षित खाद्य पदार्थों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा विभाग ने बड़ी कार्रवाई की। मोबाइल फूड टेस्टिंग लैब वाहन द्वारा लगातार दूसरे दिन धनबाद स्टेशन रोड और आसपास के इलाके में अभियान चलाकर करीब 43 खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच की गई।
इस दौरान कुल 123 खाद्य नमूनों की मौके पर ही जांच की गई। जांच में समोसा, छोले, चटनी, तेल, मसाले, दाल, मिठाई, लड्डू, पनीर, दही समेत कई खाद्य सामग्रियों के सैंपल लिए गए।
जांच के दौरान 19 नमूने फेल पाए गए, जिसके बाद संबंधित खाद्य सामग्रियों को तुरंत नष्ट कराया गया। साथ ही दुकानदारों को सख्त चेतावनी देते हुए भविष्य में गुणवत्ता से समझौता नहीं करने का निर्देश दिया गया।
खाद्य सुरक्षा विभाग ने सभी कारोबारियों को प्रतिबंधित चंपई रंग का इस्तेमाल नहीं करने की चेतावनी दी और बिना लाइसेंस खाद्य कारोबार करने वालों को जल्द फूड लाइसेंस बनवाने का आदेश दिया।
मोबाइल फूड टेस्टिंग लैब में मौजूद फूड एनालिस्ट शुभम, रोहित और पंकज मौके पर ही खाद्य नमूनों की जांच कर रहे हैं। वहीं खाद्य सुरक्षा कार्यालय से राहुल कुमार पासवान, राहुल कुमार और प्रिंस वी अभियान में शामिल रहे।

