डिजिटल डेस्क। जमशेदपुर :टाटानगर से नागपुर की ओर यात्रा करने वाले रेल यात्रियों के लिए एक जरूरी खबर है। रेलवे ने टाटानगर-इतवारी-टाटानगर एक्सप्रेस को मई के महीने में करीब तीन सप्ताह के लिए रद्द करने का निर्णय लिया है। यह फैसला दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के नागपुर रेल मंडल में स्थित गोंदिया स्टेशन पर होने वाले जरूरी मरम्मत कार्य के कारण लिया गया है।
क्यों बंद रहेगी ट्रेन?
रेलवे प्रशासन के अनुसार, गोंदिया स्टेशन पर ‘वॉशेबल एप्रन’ (पटरियों के बीच की कंक्रीट वाली जगह) के रखरखाव और मरम्मत का काम किया जाना है। इस तकनीकी सुधार कार्य की वजह से इस रूट की ट्रेनों के परिचालन पर असर पड़ा है।
रद्द रहने वाली ट्रेनों का विवरण:
चक्रधरपुर रेल मंडल से होकर गुजरने वाली यह महत्वपूर्ण ट्रेन इन तारीखों पर पटरी से उतरी रहेगी।
टाटानगर से इतवारी (18109): टाटानगर से प्रस्थान करने वाली यह ट्रेन 03 मई से 22 मई तक पूरी तरह रद्द रहेगी।
इतवारी से टाटानगर (18110): वापसी में नेताजी सुभाष चंद्र बोस इतवारी स्टेशन से चलने वाली यह गाड़ी 05 मई से 24 मई तक नहीं चलेगी।
यात्रियों को होगी असुविधा
टाटानगर और नागपुर (इतवारी) के बीच चलने वाली यह एक्सप्रेस ट्रेन इस रूट की लाइफलाइन मानी जाती है। इसके अचानक 22 दिनों तक बंद होने से गर्मियों की छुट्टियों में यात्रा करने वाले लोगों, विशेषकर मध्यम वर्गीय यात्रियों और छोटे व्यापारियों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है।
रेलवे की अपील
रेलवे प्रबंधन ने यात्रियों से अनुरोध किया है कि वे अपनी यात्रा की योजना बनाने से पहले आधिकारिक वेबसाइट या पूछताछ काउंटर से ट्रेन की ताजा स्थिति जरूर जांच लें, ताकि स्टेशन पहुंचने के बाद किसी भी तरह की परेशानी से बचा जा सके।

