धनबाद सदर अस्पताल में मोतियाबिंद ऑपरेशन सेवा बंद, भुगतान नहीं मिलने से एजेंसी ने रोका काम

KK Sagar
2 Min Read
Oplus_16908288

धनबाद : तीन माह पहले काफी धूमधाम से शुरू की गई सदर अस्पताल की मोतियाबिंद ऑपरेशन सेवा एक जनवरी से बंद हो गई है। अक्टूबर 2025 से दिसंबर 2025 तक सेवा प्रदाता एजेंसी नारायण फाउंडेशन को आयुष्मान भारत योजना के तहत भुगतान नहीं मिलने के कारण एजेंसी ने लाचार होकर सेवा बंद करने का निर्णय लिया है।

एजेंसी प्रबंधन की ओर से सेवा बंद किए जाने की जानकारी सिविल सर्जन कार्यालय और जिला प्रशासन को दे दी गई है। इधर, अचानक मोतियाबिंद ऑपरेशन सेवा बंद हो जाने से मरीजों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। शुक्रवार को इलाज के लिए पहुंचे 13 मरीज बिना ऑपरेशन कराए ही लौट गए।

गौरतलब है कि अक्टूबर 2025 में सदर अस्पताल में आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत निशुल्क मोतियाबिंद ऑपरेशन की शुरुआत की गई थी। यह सेवा नारायण फाउंडेशन और स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से शुरू हुई थी, जिसमें जिला प्रशासन की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही।

तीन माह में 225 ऑपरेशन, लेकिन भुगतान शून्य

अस्पताल में अक्टूबर से दिसंबर 2025 के बीच कुल 225 मरीजों का मोतियाबिंद ऑपरेशन किया गया, लेकिन आयुष्मान भारत योजना के तहत अब तक किसी भी प्रकार का भुगतान नहीं किया गया है। एजेंसी का कहना है कि भुगतान नहीं मिलने के कारण डॉक्टरों और कर्मचारियों को वेतन देने में कठिनाई हो रही है, जिससे संस्था की आर्थिक स्थिति प्रभावित हो रही है।

सेवा बंद होने से खासकर गरीब और जरूरतमंद मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। अब मरीज जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की ओर टकटकी लगाए बैठे हैं कि कब यह सेवा दोबारा शुरू होगी।

Share This Article
उत्कृष्ट, निष्पक्ष, पारदर्शिता और ईमानदारी - पत्रकारिता की पहचान है k k sagar....✍️....