धनबाद। पूर्व मध्य रेल के धनबाद मंडल में यात्री सुरक्षा के लिए चलाए जा रहे “ऑपरेशन यात्री सुरक्षा” के तहत एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। रेसुब (RPF) पोस्ट धनबाद और CIB की संयुक्त टीम ने CCTV की मदद से एक मोबाइल चोर को रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।
घटना 17 अप्रैल 2026 की है, जब धनबाद रेलवे स्टेशन पर गश्त के दौरान CCTV कंट्रोल रूम से सूचना मिली कि प्लेटफॉर्म संख्या 1 के वेटिंग हॉल में एक संदिग्ध व्यक्ति यात्री का मोबाइल चोरी कर भाग रहा है। सूचना मिलते ही टीम अलर्ट हो गई और संदिग्ध की तलाश शुरू कर दी गई।
कुछ ही देर में प्लेटफॉर्म संख्या 2/3 के हावड़ा छोर पर नीले शर्ट में दिख रहे संदिग्ध को दबोच लिया गया। तलाशी लेने पर उसके पास से चोरी किया गया मोबाइल बरामद हुआ, जो एक यात्री का था।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान विक्की गुप्ता (56 वर्ष), निवासी लहेरी मुहल्ला, बिहार शरीफ (नालंदा) के रूप में हुई है। वहीं, बरामद मोबाइल अरुण कुमार महतो (33 वर्ष), निवासी गिरिडीह (झारखंड) का निकला।
इस मामले में रेसुब के सहायक उप निरीक्षक जीबलाल राम की शिकायत पर GRP धनबाद थाना में कांड संख्या 90/26 के तहत मामला दर्ज किया गया है और जांच की जिम्मेदारी पुलिस अधिकारी राम लखन यादव को सौंपी गई है।
जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी का पहले कोई आपराधिक इतिहास दर्ज नहीं है।
रेलवे सुरक्षा बल की इस कार्रवाई से यह साफ हो गया है कि स्टेशन पर लगी CCTV की “तीसरी आंख” अब अपराधियों के लिए बड़ा खतरा बन चुकी है। यात्रियों की सुरक्षा के लिए ऐसे अभियान लगातार जारी रहेंगे।

