धनबाद : कतरास थाना क्षेत्र के छाताबाद मैदान के समीप हुई भू-धंसान की घटना के बाद धनबाद जिला कांग्रेस कमिटी के जिलाध्यक्ष संतोष कुमार सिंह बुधवार को प्रभावित क्षेत्र पहुंचे। इस दौरान स्थानीय लोगों ने उनका स्वागत किया, जबकि पहले आए पूर्व मंत्री के प्रति नाराज़गी भी साफ दिखाई दी। इसके बाद संतोष कुमार सिंह ने प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और हालात का जायजा लिया।
निरीक्षण के बाद संतोष कुमार सिंह ने कहा कि छाताबाद की यह त्रासदी कोई प्राकृतिक आपदा नहीं, बल्कि बीसीसीएल की कथित लापरवाही, अवैज्ञानिक खनन और प्रशासनिक उदासीनता का परिणाम है। उन्होंने दावा किया कि लगभग 75 परिवारों के 700 से अधिक लोगों का जीवन खतरे में है, लेकिन बीसीसीएल और जनप्रतिनिधियों की ओर से अब तक ठोस पहल नहीं की गई है।
उन्होंने कहा कि बीसीसीएल धनबाद की धरती से अरबों रुपये का कोयला निकालकर मुनाफा कमाती है, लेकिन प्रभावित परिवारों के पुनर्वास और सुरक्षा के नाम पर केवल खानापूर्ति की जा रही है।
सांसद और विधायक पर साधा निशाना
कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने धनबाद के सांसद और बाघमारा के विधायक पर निशाना साधते हुए कहा कि संकट की इस घड़ी में दोनों जनप्रतिनिधि पीड़ितों के बीच नहीं पहुंचे। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव के दौरान किए गए वादों के अनुरूप जनता की समस्याओं पर ध्यान नहीं दिया जा रहा है।
कांग्रेस की प्रमुख मांगें
सभी प्रभावित परिवारों का तत्काल सुरक्षित स्थान पर पुनर्वास किया जाए।
प्रत्येक परिवार को सम्मानजनक मुआवजा और स्थायी आवास उपलब्ध कराया जाए।
भू-धंसान प्रभावित क्षेत्रों का वैज्ञानिक सर्वे कर स्थायी समाधान निकाला जाए।
बीसीसीएल के जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय कर कार्रवाई की जाए।
आंदोलन की चेतावनी
संतोष कुमार सिंह ने चेतावनी दी कि यदि पुनर्वास, मुआवजे और सुरक्षा को लेकर जल्द ठोस कदम नहीं उठाए गए तो धनबाद जिला कांग्रेस कमिटी बीसीसीएल, जिला प्रशासन और सरकार के खिलाफ व्यापक जनआंदोलन छेड़ेगी।
निरीक्षण के दौरान शौकत खान, पार्षद शहाबुद्दीन अंसारी, जिला कांग्रेस सचिव सबीर आलम उर्फ पप्पू, आकाश प्रमाणिक, युवा कांग्रेस अध्यक्ष मो. शयूम खान सहित कांग्रेस के कई पदाधिकारी और समर्थक मौजूद रहे।

