राजधानी रांची के टाटीसिलवे थाना क्षेत्र स्थित सिपाही नदी किनारे मिलिट्री डेरी के पास एक शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। स्थानीय लोगों की नजर शव पर पड़ते ही मामले की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई।
सूचना मिलते ही टाटीसिलवे थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान (RIMS) भेज दिया। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल जांच शुरू कर दी।
वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर मामले की जांच के लिए एक विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया। टीम में डीएसपी मुख्यालय-1, टाटीसिलवे थाना प्रभारी और नामकुम थाना प्रभारी को शामिल किया गया। जांच के दौरान विभिन्न स्थानों पर छापेमारी करते हुए पुलिस ने तीन संदिग्धों—विशाल राम, संधि आकाश और सुजीत—को हिरासत में लिया, जिन्हें बाद में गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि 18 तारीख को सभी लोग एक साथ बैठकर शराब पी रहे थे। इसी दौरान पुराने विवाद को लेकर कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। आरोप है कि विवाद के दौरान गला दबाकर हत्या कर दी गई।
पुलिस के अनुसार घटना के समय कुल चार लोग मौजूद थे, जिनमें से एक आरोपी अब भी फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
फिलहाल गिरफ्तार तीनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस मामले के हर पहलू की गहन जांच कर रही है।

