डीडी बार हत्याकांड: एसआईटी का देशव्यापी एक्शन, राजस्थान से दबोचे गए भाजपा नेता नीरज सिंह

Manju
By Manju
4 Min Read

डिजिटल डेस्क। जमशेदपुर :हिमांशु सिंह हत्याकांड में आखिरकार कानून के लंबे हाथ मुख्य आरोपियों तक पहुंच ही गए। जमशेदपुर पुलिस की विशेष जांच टीम को एक बड़ी कामयाबी मिली है। मामले के नामजद आरोपी, डीडी बार के मालिक और भाजपा नेता नीरज सिंह को राजस्थान से गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने यह कार्रवाई उस वक्त की, जब नीरज सिंह अपने बेटे के साथ खाटू श्याम मंदिर के दर्शन के लिए जा रहे थे। ​इस हाई-प्रोफाइल मामले में पुलिस ने बार के प्रबंधक विजय कुमार को भी दबोच लिया है। नीरज सिंह की गिरफ्तारी की भनक रविवार शाम करीब सात बजे लगी, जिसकी औपचारिकताएं पूरी करने के लिए जमशेदपुर एसआईटी की टीम तुरंत राजस्थान रवाना हो गई।

अग्रिम जमानत की उम्मीदों पर फिरा पानी
​नीरज सिंह गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार कानूनी रास्ता तलाश रहे थे। सोमवार को अपर जिला व सत्र न्यायाधीश कनकन पट्टेदार की अदालत में उनकी अग्रिम जमानत याचिका पर सुनवाई होनी थी। लेकिन इससे पहले कि वे अदालत से कोई राहत पाते, एसआईटी ने उनके मंसूबों पर पानी फेरते हुए उन्हें गिरफ्तार कर लिया। इससे पहले पुलिस ने उनके मानगो स्थित आवास पर छापेमारी कर करीब साढ़े तीन करोड़ रुपये मूल्य की एक लग्जरी कार समेत दो वाहन भी जब्त किए थे।

पुलिस की मौजूदगी में हुआ था खूनी खेल
​गौरतलब है कि 27 जून की रात बिष्टुपुर के प्रसिद्ध डीडी बार परिसर में खूनी संघर्ष हुआ था। हिमांशु सिंह, प्रत्युष आनंद और उनके दोस्तों का दूसरे पक्ष से विवाद हुआ था। आरोप है कि पुलिस की मौजूदगी में ही आरोपियों ने कुल्हाड़ी, चाकू और चापड़ जैसे धारदार हथियारों से हिमांशु और प्रत्युष पर जानलेवा हमला कर दिया।

हिमांशु सिंह: इलाज के दौरान 29 जून को टाटा मेन हॉस्पिटल में दम तोड़ दिया।
प्रत्युष आनंद: फिलहाल गंभीर हालत में कोलकाता के अपोलो अस्पताल में जिंदगी की जंग लड़ रहे हैं।

फरार मुख्य आरोपी पर 2 लाख का इनाम, आत्मसमर्पण की चर्चा
​मृतक के पिता अरविंद सिंह की शिकायत पर दर्ज एफआईआर में नीरज सिंह और बार मैनेजर के अलावा कई लोग नामजद हैं। पुलिस अब तक इस मामले में तीन नाबालिगों सहित सोनू राम सरदार और राज लोहार को जेल भेज चुकी है। मामले का मुख्य आरोपी विश्वनाथ मंडल, जिस पर पुलिस ने 2 लाख रुपये का इनाम घोषित किया है, वह अब भी फरार है। पुलिसिया दबाव के कारण सूत्रों का कहना है कि विश्वनाथ मंडल सोमवार को अदालत में आत्मसमर्पण कर सकता है।

आगे की रणनीति: एएसपी की अगुवाई में बैठक
​नीरज सिंह की गिरफ्तारी के बाद बिष्टुपुर थाना में एएसपी ऋषभ द्विवेदी के नेतृत्व में एसआईटी की एक उच्च स्तरीय बैठक हुई। पुलिस ने सभी नामजद आरोपियों के खिलाफ पहले ही कोर्ट से वारंट ले रखा है। बैठक में साफ कर दिया गया है कि फरार चल रहे विश्वनाथ मंडल और अन्य आरोपियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा और उनके ठिकानों पर दबिश और तेज की जाएगी।

Share This Article