राष्ट्रव्यापी कार्यक्रम “मेरी माटी मेरा देश’ के तहत उपायुक्त ने मलकेरा दक्षिण पंचायत में शहीद शंभू नाथ महतो को दी श्रद्धांजलि
1 min read
लोगों को दिलाई पंच प्रण की शपथ, वसुधा वंदन में किया पौधारोपण
मिरर मीडिया : राष्ट्रव्यापी कार्यक्रम “मेरी माटी मेरा देश” में उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी वरुण रंजन ने आज बाघमारा प्रखंड के मलकेरा दक्षिण पंचायत के पंचायत सचिवालय में आयोजित कार्यक्रम में शिरकत की।

इस दौरान उपायुक्त ने पंचायत के वीर सपूत शहीद शंभू नाथ महतो के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उनको श्रद्धांजलि दी। इसके बाद वीर सपूत शहीद शंभू नाथ महतो का नाम अंकित शिला पट्ट (शिलाफलकम्) का अनावरण किया।

शिलापट्ट का अनावरण करने के बाद उन्होंने लोगों को पंच प्रण की शपथ दिलाई। फिर वसुधा वंदन में पौधारोपण कर वीर सपूत शहीद शंभू नाथ महतो के पिता गिरीश प्रसाद महतो का शॉल ओढ़ाकर सम्मान किया। सम्मान के बाद उन्होंने गिरीश प्रसाद महतो को राष्ट्रीय ध्वज फहराने का आग्रह किया एवं सभी ने राष्ट्रगान गाया।

इस अवसर पर लोगों को संबोधित करते हुए उपायुक्त ने कहा कि भारत के वीर स्वतंत्रता सेनानियों और वीरों, जिन्होंने देश के लिए अपना जीवन बलिदान कर दिया, को सम्मान करने के उद्देश्य से आज जिले के सभी 256 पंचायतों में यह राष्ट्रव्यापी कार्यक्रम “मेरी माटी मेरा देश’ मनाया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि पंचायत के वीर सपूत शहीद शंभू नाथ महतो के पावन गांव में आकर अपने को गौरवान्वित महसूस कर रहा हूं। शहीद की वीर गाथा यहां के लोगों को हमेशा प्रेरणा देगी। देश, राज्य तथा समाज के कल्याण और सेवा के लिए लोग तत्पर रहेंगे। साथ ही जिला प्रशासन की ओर से शहीद को नमन किया।
शहीद शंभू नाथ महतो के पिता गिरीश प्रसाद महतो ने बताया कि शंभू नाथ महतो 2 दिसंबर 2006 को बोकारो जिले में नक्सल मूवमेंट के दौरान 35 वर्ष की उम्र में वीरगति को प्राप्त किए थे।
वहीं इस कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए प्रत्येक प्रखंड में जिला मुख्यालय से एक वरीय प्रभारी पदाधिकारी मौजूद रहे। जिसमें गोविंदपुर में निदेशक एनईपी, बलियापुर में अपर समाहर्ता, बाघमारा में अपर समाहर्ता (विधि व्यवस्था), तोपचांची में निदेशक लेखा प्रशासन एवं स्वनियोजन, कलियासोल में अपर समाहर्ता (आपूर्ति), टुंडी में भूमि सुधार उप समाहर्ता, धनबाद में जिला परिवहन पदाधिकारी, एगारकुंड में अनुमंडल पदाधिकारी, पूर्वी टुंडी में जिला योजना पदाधिकारी तथा निरसा प्रखंड में जिला समाज कल्याण पदाधिकारी मौजूद रहे।
समारोह में उपायुक्त वरुण रंजन, उप विकास आयुक्त शशि प्रकाश सिंह, वन प्रमंडल पदाधिकारी विकास पालीवाल, पंचायत के मुखिया विनोद रजक, प्रखंड प्रमुख गीता देवी, उप प्रमुख रंजीत कुमार सिंह, प्रखंड विकास पदाधिकारी सुनील प्रजापति, अंचल अधिकारी कमल किशोर सिंह, टाटा स्टील सिजुआ ग्रुप के चिफ मयंक शेखर, विपिन चौधरी, राहुल कुमार सिंह व बड़ी संख्या में पंचायत के लोग मौजूद थे।