आसनसोल। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी की जीत के बाद पश्चिम बर्धमान जिले के आसनसोल में एक बड़ा और प्रतीकात्मक बदलाव देखने को मिला है। बस्तिन बाजार स्थित श्री-श्री दुर्गामाता चैरिटेबल ट्रस्ट का दुर्गा मंदिर, जो वर्षों से विवादों के कारण बंद था, अब हमेशा के लिए श्रद्धालुओं के लिए खोल दिया गया है।
आसनसोल उत्तर सीट से नवनिर्वाचित विधायक कृष्णेंदु मुखर्जी ने अपना चुनावी वादा निभाते हुए नतीजे आते ही मंदिर के कपाट खुलवा दिए। मंदिर खुलते ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी और “जय माता दी” के जयकारों से पूरा परिसर गूंज उठा।
इस चुनाव में कृष्णेंदु मुखर्जी ने 1,04,516 वोट हासिल कर मलय घटक को हराया। खास बात यह रही कि यह सीट पहली बार भाजपा के खाते में आई है, जहां 2011 से तृणमूल कांग्रेस का कब्जा रहा था।
स्थानीय लोगों के लिए यह मंदिर आस्था का प्रमुख केंद्र रहा है, लेकिन लंबे समय से विवादों के चलते यहां नियमित पूजा बंद थी। साल में सिर्फ दुर्गा पूजा और लक्ष्मी पूजा जैसे खास अवसरों पर ही मंदिर खोला जाता था। अब विधायक के हस्तक्षेप के बाद मंदिर पूरे साल 365 दिन खुला रहेगा।
प्रेस वार्ता में कृष्णेंदु मुखर्जी ने कहा कि उन्होंने अपने चुनाव अभियान की शुरुआत इसी मंदिर से की थी और अब यहां रोजाना विधिवत पूजा-अर्चना सुनिश्चित की जाएगी।
पश्चिम बर्धमान जिले की सभी 9 सीटों पर भाजपा की जीत के बीच मंदिर का खुलना धार्मिक के साथ-साथ सामाजिक और राजनीतिक दृष्टि से भी बड़ा बदलाव माना जा रहा है। 15 साल बाद मंदिर खुलने से स्थानीय लोगों में खुशी और उत्साह का माहौल है और इसे आस्था की बड़ी जीत के रूप में देखा जा रहा है।

