धनबाद में हाई प्रोफाइल जमीन विवाद: सांसद समर्थक और रवानी पक्ष आमने-सामने, सात थानों की पुलिस तैनात

KK Sagar
2 Min Read

धनबाद: शहर के विनोद बिहारी चौक के पास करीब 60 डिसमिल जमीन पर चारदीवारी (बाउंड्री वॉल) निर्माण को लेकर चल रहा हाई प्रोफाइल जमीन विवाद शुक्रवार को एक बार फिर उग्र हो गया। सांसद समर्थक और रवानी पक्ष के बीच लंबे समय से चल रहे विवाद के दौरान दोनों पक्षों में तीखी नोकझोंक हुई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। घटना में कुछ लोगों के सिर फटने की भी सूचना है।

स्थिति बिगड़ने की आशंका को देखते हुए जिला प्रशासन ने तत्काल भारी पुलिस बल तैनात कर दिया। धनबाद, बैंक मोड़, सरायढेला, धनसार, पुटकी और बरवाअड्डा समेत कुल सात थानों की पुलिस, बड़ी संख्या में महिला पुलिसकर्मियों और जवानों को मौके पर लगाया गया है। कई थाना प्रभारी और वरीय पुलिस अधिकारी भी पूरे घटनाक्रम की निगरानी कर रहे हैं।

मौके पर अंचल अधिकारी अपनी टीम के साथ मौजूद रहे, जबकि डीएसपी (विधि-व्यवस्था) भी स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। प्रशासन ने तत्काल बाउंड्री वॉल का निर्माण कार्य रुकवा दिया है। रात के दौरान दोबारा निर्माण न हो, इसके लिए पुलिस बल की स्थायी तैनाती की गई है।

बताया जा रहा है कि विवादित भूमि करीब 60 डिसमिल है। दोनों पक्ष इस जमीन पर अपना-अपना स्वामित्व होने का दावा कर रहे हैं। इसी को लेकर चारदीवारी निर्माण पर विवाद लगातार गहराता जा रहा है।

फिलहाल प्रशासन की प्राथमिकता क्षेत्र में शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखना है। पूरे इलाके में पुलिस की कड़ी निगरानी जारी है और हालात पर प्रशासन लगातार नजर रखे हुए है।

Share This Article
उत्कृष्ट, निष्पक्ष, पारदर्शिता और ईमानदारी - पत्रकारिता की पहचान है k k sagar....✍️....