Jamshedpur: टाटा मोटर्स के गेट पर भारी हंगामा, ‘बंटी सिंह गुट’ ने किया चक्का जाम, ठप हुआ कामकाज

Manju
By Manju
2 Min Read

डिजिटल डेस्क।जमशेदपुर: स्थानीय युवाओं के रोजगार के मुद्दे को लेकर जमशेदपुर की औद्योगिक फिजा एक बार फिर गरमा गई है। मंगलवार को ‘बंटी सिंह गुट’ के नेतृत्व में दर्जनों प्रदर्शनकारियों ने टाटा मोटर्स के मुख्य गेट को पूरी तरह जाम कर दिया। इस विरोध प्रदर्शन के कारण कंपनी के परिचालन पर गहरा असर पड़ा और घंटों तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।

कंपनी का कामकाज हुआ ‘ब्रेक फेल’, दो शिफ्ट के कर्मचारी परेशान
​प्रदर्शन का असर सीधे तौर पर कंपनी के प्रोडक्शन और कर्मचारियों पर पड़ा। गेट जाम होने की वजह से बी शिफ्ट काम पर आने वाले कर्मचारी कंपनी के भीतर प्रवेश नहीं कर पाए। ए शिफ्ट ड्यूटी खत्म होने के बावजूद कर्मचारी घंटों अंदर फंसे रहे, क्योंकि बाहर निकलने का रास्ता बंद था।

मैनेजमेंट और यूनियन की ‘मिलीभगत’ का आरोप
​आंदोलन का नेतृत्व कर रहे बंटी सिंह ने कंपनी प्रबंधन और यूनियन के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि स्थानीय युवाओं के हक को मारा जा रहा है।

पुलिस बल तैनात, स्थिति तनावपूर्ण

मामले की गंभीरता और बिगड़ती स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने मौके पर भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती कर दी है। हालांकि, प्रदर्शनकारियों के कड़े तेवर और उनकी बढ़ती संख्या को देखते हुए पुलिस ने फिलहाल सख्ती के बजाय बातचीत का रास्ता चुना है। पुलिस अधिकारी आंदोलनकारियों को समझा-बुझाकर जाम खुलवाने और स्थिति को नियंत्रित करने की कोशिश में जुटे हैं।

क्या है प्रमुख मांग?
​प्रदर्शनकारियों की स्पष्ट मांग है कि टाटा मोटर्स में होने वाली भर्तियों में स्थानीय युवाओं को प्राथमिकता दी जाए। बंटी सिंह ने चेतावनी दी है कि अगर उनकी मांगों पर ठोस विचार नहीं किया गया, तो आने वाले दिनों में आंदोलन को और तेज किया जाएगा। फिलहाल कंपनी गेट पर तनाव बरकरार है और सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड पर हैं।

Share This Article