बांकीपुर में ढह गया नितिन नवीन का किला, प्रशांत किशोर जीते, एक राउंड में भी पछाड़ नहीं पाई बीजेपी

Neelam
By Neelam
3 Min Read

31 साल पहले दिवंगत नवीन किशोर सिन्हा ने भारतीय जनता पार्टी को पटना पश्चिम का मजबूत किला बनाकर दिया था। जनसुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर ने उस किले को ढाह दिया है। बांकीपुर में प्रशांत किशोर ने जीत दर्ज की है। पीके 18953 वोटों से जीत गए हैं। प्रशांत को 63203 वोट मिले, जबकि भाजपा प्रत्याशी नीरज कुमार को 44250 वोट मिले।

एक बार भी बीजेपी उम्मीदवार ने लीड नहीं लिया

बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के राज्यसभा जाने के बाद खाली हुई सीट पर अब जन सुराज ने कब्जा कर लिया है। प्रशांत किशोर ने बीजेपी के गढ़ में नीरज कुमार सिन्हा को करारी शिकस्त दे डाली है। बांकीपुर उपचुनाव में 31 राउंड की काउंटिंग हुई, इस दौरान एक बार भी बीजेपी उम्मीदवार ने लीड नहीं किया। ये बीजेपी के लिए सबसे बड़ा सेटबैक हैं। 

31 साल बाद बीजेपी हारी बांकीपुर

बिहार के बांकीपुर सीट भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने राज्यसभा जाने पर छोड़ी थी। इससे पहले नितिन नवीन यहां से लगातार पांच बार, चार बार बांकीपुर और एक बार पटना पश्चिम (पहले बांकीपुर सीट का अधिकांश हिस्सा इसी सीट में आता था।) से जीते थे। नितिन के पिता नवीन किशोर सिन्हा लगातार चार बार पटना पश्चिम सीट से भाजपा के टिकट पर जीत चुके थे। 31 साल और 9 चुनाव के बाद भाजपा को यहां से हार मिली है।

आगामी चुनावों के लिए जन सुराज का दावा मजबूत

2025 के बिहार विधानसभा चुनाव में एक भी सीट नहीं जीतने वाली जन सुराज पार्टी (जेएसपी) ने पहली बार जीत का स्वाद चखा है। 2025 के बिहार विधानसभा चुनााव में जनसुराज ने 200 से ज्यादा सीटों पर उम्मीदवार उतारे थे, जिसमें से केवल दो प्रत्याशियों की जमानत बच पाई थी। बांकीपुर उपचुनाव में प्रशांत किशोर को जितने वोट मिले हैं उसके दम पर वह बिहार में विपक्ष के रूप में अपनी दावेदारी पेश कर सकते हैं। जुन सुराज के इस प्रदर्शन ने राजद और भाजपा के सामने एक मजबूत ‘तीसरे विकल्प’ की जगह पक्की की, जिससे आगामी विधानसभा चुनावों के लिए जन सुराज का दावा और मजबूत हुआ है।

Share This Article