जन सुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर (पीके) ने बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने सीधे तौर पर सम्राट चौधरी को अपराधी प्रवृत्ति का करार दिया है। राज्य में बिगड़ती कानून-व्यवस्था के लिए उनकी कड़ी आलोचना करते हुए पीके ने अब तक का सबसे विवादित और बेहद तीखा बयान दिया है।
आपने एक अपराधी को मुख्यमंत्री बनाया है-पीके
पीके ने हाल ही में भोजपुर में हुए भरत तिवारी कांड, नीट छात्रा से जुड़ी घटना और बेगूसराय में महिला के साथ हुए अपराध का जिक्र करते हुए कहा कि बिहार में अब जाति देखकर नहीं, बल्कि हर आम नागरिक के साथ अपराध हो रहा है। उन्होंनें मुख्यमंत्री पर विवादित बयान देते हुए कहा कि सारे लोगों के साथ अपराध हो रहा है क्योंकि आपने एक अपराधी को मुख्यमंत्री बनाया है।
सीएम एक नंबर का पक्का अपराधी आदमी-पीके
पीके ने सीएम पर हमला जारी रखते हुए कहा, हम डंके की चोट पर कहते हैं, डरते नहीं हैं। अभी कैमरे पर बोल रहे हैं कि एक नंबर का पक्का अपराधी आदमी है। सम्राट चौधरी पर सात लोगों की हत्या का आरोप है। वे सिर्फ आरोपी नहीं, बल्कि इस मामले में अभियुक्त हैं और जेल भी जा चुके हैं।
जब अपराधी शीर्ष पर बैठेगा तो अपराध बढ़ेगा-पीके
प्रशांत किशोर ने मुख्यमंत्री उनके शैक्षणिक योग्यता को लेकर भी गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा, वे सातवीं फेल हैं और उन्होंने हर तरह का कर्म-कुकर्म किया है। पीके ने आगे कहा कि जब आप खुद ऐसे अपराधी प्रवृत्ति के व्यक्ति को मुख्यमंत्री की कुर्सी पर बैठाएंगे, तो वह वहां बैठकर राम-नाम थोड़ी जपेगा? जब अपराधी शीर्ष पर बैठेगा तो अपराध बढ़ेगा और भ्रष्टाचारी बैठेगा तो भ्रष्टाचार ही होगा।
जनता को भी सीखाया सबक
इस दौरान प्रशांत किशोर ने बिहार के मतदाताओं की मानसिकता पर भी करारा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि सिर्फ उनके हारने या जीतने से बिहार की तकदीर नहीं बदलेगी, यह तब सुधरेगा जब जनता सही व्यक्ति को वोट देगी। पूर्व के चुनावों का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा, जब केसी सिन्हा जैसे महान गणितज्ञ चुनाव में खड़े हुए तो उन्हें महज 15 हजार वोट मिले, जबकि जिसका एमएमएस वायरल हुआ था, उसे सवा लाख लोगों ने वोट दे दिया। इसके बाद भी जनता कहती है कि हमें अच्छा आदमी चाहिए।

