आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर मौत का तांडव! टैंकर से भिड़ी स्लीपर बस बनी आग का गोला, ड्राइवर-कंडक्टर जिंदा जले

KK Sagar
2 Min Read

उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद में शुक्रवार तड़के आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर ऐसा भयावह हादसा हुआ जिसने हर किसी को झकझोर कर रख दिया। कानपुर से दिल्ली की ओर जा रही एक तेज रफ्तार प्राइवेट स्लीपर बस आगे चल रहे टैंकर से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस कुछ ही सेकंड में धू-धू कर जलने लगी और पूरा इलाका चीख-पुकार से गूंज उठा।

बताया जा रहा है कि बस में करीब 40 से 45 यात्री सवार थे। हादसे के वक्त ज्यादातर यात्री गहरी नींद में थे। अचानक जोरदार धमाके और आग की लपटों से बस में अफरा-तफरी मच गई। कई यात्रियों ने खिड़कियों के शीशे तोड़कर अपनी जान बचाई, जबकि स्थानीय लोगों ने भी मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू शुरू कर दिया।

इस दर्दनाक हादसे में बस चालक और कंडक्टर की मौके पर ही जिंदा जलकर मौत हो गई, जबकि एक दर्जन से ज्यादा यात्री गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस, फायर ब्रिगेड और एंबुलेंस की कई टीमें मौके पर पहुंचीं। घंटों मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया और घायलों को अस्पताल भेजा गया।

हादसा फिरोजाबाद जिले के थाना मटसेना क्षेत्र में एक्सप्रेसवे के खंभा संख्या 46 के पास हुआ। शुरुआती जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही को हादसे की बड़ी वजह माना जा रहा है। इस घटना के बाद एक बार फिर आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे की सुरक्षा व्यवस्था और तेज रफ्तार वाहनों पर सवाल खड़े हो गए हैं। हाल के दिनों में इस एक्सप्रेसवे पर कई बड़े हादसे सामने आ चुके हैं।

g

Share This Article
उत्कृष्ट, निष्पक्ष, पारदर्शिता और ईमानदारी - पत्रकारिता की पहचान है k k sagar....✍️....