मेदिनीनगर (पलामू): कांग्रेस के कथित दोहरे रवैये के विरोध में शनिवार को पलामू जिला मुख्यालय मेदिनीनगर में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन करते हुए राहुल गांधी का पुतला दहन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस के खिलाफ नारेबाजी कर अपना विरोध दर्ज कराया।
भाजपा के जिला अध्यक्ष अमित तिवारी ने कांग्रेस पर अलग-अलग राज्यों में अलग-अलग मुद्दों पर अलग-अलग रुख अपनाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस देशहित के मुद्दों पर स्पष्ट नीति अपनाने के बजाय राजनीतिक लाभ के लिए दोहरी राजनीति कर रही है। उनका आरोप था कि राहुल गांधी और कांग्रेस नेतृत्व जनता से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर भ्रम फैलाने का काम कर रहे हैं।
अमित तिवारी ने कहा कि कांग्रेस शुरू से ही भ्रष्टाचार को बढ़ावा देने वाली पार्टी रही है, इसलिए नैतिक रूप से उसे भ्रष्टाचार पर बोलने का अधिकार नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस लोकसभा में भ्रष्टाचार पर चर्चा से बच रही है और जनता को दिग्भ्रमित करने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि समय-समय पर जनता कांग्रेस को जवाब देती रही है और आज पार्टी की स्थिति लगातार कमजोर होती जा रही है। उन्होंने दावा किया कि जनता कांग्रेस की नीति और नीयत दोनों को समझ चुकी है।
प्रदर्शन के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी का पुतला दहन कर कांग्रेस के खिलाफ जमकर नारे लगाए और कहा कि पार्टी को अपने कथित दोहरे रवैये पर देश की जनता को जवाब देना चाहिए।
कार्यक्रम में भाजपा के जिला अध्यक्ष अमित तिवारी के अलावा श्याम नारायण दुबे, विजयानंद पाठक, शिवकुमार मिश्रा, अभिमन्यु तिवारी, अजय सिंह, डॉ. विपुल गुप्ता, ज्योति पांडे, अरविंद गुप्ता, भोला पांडे, श्वेतांग गर्ग, शुभम प्रसाद, प्रियरंजन कुमार, शशिभूषण पांडेय, राजेश सिंह समेत बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे।

