डिजिटल डेस्क। जमशेदपुर : लौहनगरी के टेल्को थाना अंतर्गत नीलडीह ग्वाला बस्ती में बेखौफ बदमाशों ने पुलिस गश्ती को चुनौती देते हुए चोरी की एक बड़ी वारदात को अंजाम दिया है। बुधवार की देर रात चोरों ने दो बंद घरों को निशाना बनाते हुए करीब 8 लाख रुपये की संपत्ति पर हाथ साफ कर दिया। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में असुरक्षा का माहौल है।
सर्जिकल स्ट्राइक की तरह दिया वारदात को अंजाम
चोरों ने इस पूरी वारदात को बड़ी ही चालाकी से अंजाम दिया। जानकारी के अनुसार निशाना सुशील सिंह और अवधेश सिंह के मकानों को बनाया गया। चोरों ने घर के मुख्य गेट का ताला काटकर भीतर प्रवेश किया। घर के अंदर एक-दो नहीं, बल्कि 6 कमरों के ताले तोड़े गए। इतना ही नहीं, बेखौफ बदमाशों ने 6 अलमारियों के लॉक भी तोड़ डाले और उसमें रखे सोने-चांदी के गहने व कीमती सामान लेकर फरार हो गए।
एक हफ्ते से खाली था घर, ताक में थे अपराधी
पीड़ित अवधेश सिंह ने बताया कि उनका परिवार पिछले एक सप्ताह से गोलमुरी की नामदा बस्ती स्थित अपने दूसरे घर में रह रहा था। ग्वाला बस्ती स्थित मकान बंद होने का फायदा उठाकर चोरों ने इत्मीनान से चोरी की। गुरुवार सुबह जब परिवार के सदस्य वापस लौटे, तो घर का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए।कमरों का सारा सामान बिखरा पड़ा था और कीमती गहने गायब थे।
पुलिस की कार्रवाई और स्थानीय लोगों का आक्रोश
घटना की सूचना मिलते ही टेल्को थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। आसपास के CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। संदिग्धों की पहचान के लिए स्थानीय सुराग जुटाए जा रहे हैं। बस्तीवासियों की मांग है इतनी बड़ी चोरी के बावजूद किसी को भनक तक न लगना पुलिस की गश्ती पर सवाल उठाता है। स्थानीय लोगों ने मांग की है कि रात के समय पुलिस पेट्रोलिंग बढ़ाई जाए ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके। वहीं पुलिस का दावा है कि अपराधियों के कुछ सुराग मिले हैं और जल्द ही मामले का खुलासा कर दिया जाएगा।

