बिहार में पुलिस की सुरक्षा भी सवालों में, ड्यूटी से लौट रही महिला कांस्टेबल से लूट

Neelam
By Neelam
3 Min Read

बिहार में अब आम लोग ही नहीं पुलिसकर्मी भी अपराधियों के निशाने पर हैं। मुजफ्फरपुर में ड्यूटी पर तैनात एक महिला कांस्टेबल से पिस्टल की नोक पर सोने की चेन लूट ली गई। विरोध करने पर बदमाशों ने फायरिंग कर दहशत फैलाई और फरार हो गए। घटना से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।

पिस्टल सटाकर सोने की चेन लूटी

मुजफ्फरपुर जिले के मिठनपुरा थाना क्षेत्र में अपराधियों ने पुलिस को खुली चुनौती दी। बीएमपी-6 के पास बाइक सवार दो अपराधियों ने महिला सिपाही की कनपटी पर पिस्टल सटाकर करीब डेढ़ लाख रुपये की सोने की चेन लूट ली। इतना ही नहीं, जब महिला सिपाही ने साहस दिखाते हुए बदमाशों को रोकने की कोशिश की, तो अपराधियों ने दो राउंड हवाई फायरिंग। हालांकि इस गोलीबारी में कोई हताहत नहीं हुआ।

बीएमपी-6 में तैनात महिला कांस्टेबल ले लूट

पीड़ित महिला कांस्टेबल की पहचान नेहा कुमारी के रूप में हुई है। उसने बताया कि, वह बीएमपी में कांस्टेबल के पद पर कार्यरत हैं। बीएमपी-6 से थोड़ी दूरी पर सब्जी खरीदकर स्कूटी से अपने घर लौट रही थीं। इसी दौरान बाइक सवार दो युवक उनका पीछा करने लगे। घर के पास जैसे ही वह गली में मुड़ने लगीं, बाइक सवार अपराधियों ने आगे बाइक लगाकर उन्हें रोक दिया। स्कूटी की रफ्तार धीमी होते ही अपराधी ने पिस्टल दिखाकर गले से सोने की चेन छीन ली।

बदमाशों ने हवा में दो राउंड फायरिंग की

इसल दौरान महिला कांस्टेबल ने रोकने की कोशिश की। इस पर बदमाशों ने तुरंत दो राउंड हवाई फायरिंग कर दी। गोलियों की आवाज से पूरे इलाके में अफरा-तफरी की स्थिति बन गई और दहशत फैल गई, जिसके बाद अपराधी मौके से फरार हो गए। 

सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस

इस घटना के बाद पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। शुरुआती जांच में बदमाशों की गतिविधियों और उनके भागने के रूट का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि तकनीकी साक्ष्यों और स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के आधार पर अपराधियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।

Share This Article