June 9, 2023

Mirrormedia

Jharkhand no.1 hindi news provider

जल्द ही प्रिंस खान के गिरेबान तक पहुंचेगी पुलिस का हाथ : सऊदी अरब में रह रहे गैंगस्टर के ख़िलाफ जारी किया गया लुकआउट नोटिस

1 min read

मिरर मीडिया : पुलिस प्रशासन की नाक में दम करने वाले गैंग्स ऑफ वासेपुर का कुख्यात अपराधी प्रिंस खान के खिलाफ लुकआउट नोटिस जारी कर दिया गया है। जबकि कार्रवाई करते हुए प्रिंस खान के पासपोर्ट को रद्द कर दिया गया है। इसके अलावे अब उसके खिलाफ आगे की कार्रवाई के लिए रेड कॉर्नर नोटिस जारी किया जाएगा। जिसके बाद वह अपने टूरिस्ट वीजा का विस्तार भी नहीं करा पाएगा। हालांकि रेड कॉर्नर नोटिस जारी करने की कार्रवाई अंतिम चरण में होगी। सूत्रों कि माने तो प्रिंस खान फिलहाल सऊदी अरब में है। लिहाजा पासपोर्ट के बिना वह सऊदी से हिल भी नहीं पाएगा। पुलिस अधिकारियों के अनुसार पासपोर्ट रद्द होने के बाद प्रिंस खान किसी अन्य देश का वीजा भी नहीं ले पाएगा।

बता दें कि पुलिस मुख्यालय के द्वारा सीआईडी और एटीएस को उसको पकड़ने की जिम्मेदारी दी गई है। जिसके बाद दोनों ही विभाग मिलकर काम कर रहे है। ऐसे में अगर वह किसी देश में पकड़ा जाता है तो आसानी से उसे भारत लाया जा सकता है। लुकआउट नोटिस जारी होने के बाद ऐसे में अगर वह कहीं भी अपने पासपोर्ट के साथ एयरपोर्ट जाता है तो उसका पकड़ाना तय है।

दरअसल, झारखंड एटीएस की जांच के अनुसार अपराधी प्रिंस खान सऊदी भाग गया है। वह वहीं से अपने गैंग को ऑपरेट कर रहा है। प्रिंस खान वीडियो कॉल के माध्यम से कारोबारियों को धमका रहा है और उनसे रंगदारी वसूल रहा है। धनबाद में उसके गुर्गे उसके कहने पर रंगदारी नहीं मिलने पर दहशत फैला रहे हैं। जांच में यह खुलासा हुआ है कि प्रिंस खान ने हैदर अली के नाम से पासपोर्ट बनवाया था। जिसके बाद वह उसी पासपोर्ट के आधार पर कोचीन एयरपोर्ट से सऊदी भाग गया।

विदेश में छिपे प्रिंस तक कौन और किस माध्यम से पैसे पहुंचा रही है एटीएस इसकी भी जानकारी जुटा रही है कि प्रिंस को आर्थिक मदद करने वाले लोगों पर भी कार्रवाई की जाएगी। जानकारी के अनुसार प्रिंस खान एक साथ कई बैंक खातों के जरिए लेन-देन कर रहा है। यहां तक कि सऊदी में फ्लाइट के साथ-साथ दूसरे चीजों का पैसा अदा करने के लिए भी वह यूपीआई के जरिए लेन-देन कर रहा है।

गौरतलब है कि प्रिंस खान ने अपने को धनबाद के बैंक मोड़ थाना क्षेत्र का निवासी बता कर हैदर अली के नाम पर पासपोर्ट बनवाने के लिए आवेदन दिया था। पासपोर्ट बनाने के लिए उसने पुलिस वालों को भी रिश्वत दी थी। रिश्वत देने की वजह से ही उसका वेरिफिकेशन सिर्फ कागजों में किया गया और उसका पासपोर्ट बन गया। पासपोर्ट मामले की जांच के बाद इस मामले में बैंक मोड़ थाना के एक पुलिसकर्मी को भी सस्पेंड किया गया था। उसके विदेश भागने की जानकारी झारखंड एटीएस को तब मिली, जब वह उसके संभावित ठिकानों की पड़ताल हो रही थी।

विदित हो कि प्रिंस खान पर तीन दर्जन से अधिक आपराधिक मामले दर्ज है जबकि वर्ष 2021 में नन्हें खान की हत्या के बाद से प्रिंस खान अंडरग्राउंड हो गया। और उसके बाद उसके सऊदी अरब में होने की खबर है जहाँ से वह  सोशल मीडिया के जरिए बड़े-बड़े लोगों को धमकी दे रहा है। जबकि वीडियो में खुलेआम पुलिस को चुनौती देता है कि उसे कोई नहीं पकड़ सकता है।

Share this news with your family and friends...

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.