श्री केदारनाथ धाम के कपाट आज से श्रद्धालुओं के दर्शन के लिए खोल दिए गए हैं। सुबह आठ बजे तय लग्नानुसार पूर्ण विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ बाबा मंदिर का कपाट खोला गया। इस मौके पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी अपनी पत्नी गीता धामी के साथ समारोह में शामिल हुए। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं का स्वागत किया है।
51 क्विंटल फूलों से सजा केदारनाथ धाम
11वें ज्योतिर्लिंग केदरानाथ धाम को इस बार विशेष रूप से 51 क्विंटल गेंदे के फूलों से सजाया गया है। मंदिर परिसर, प्रवेश मार्ग और केदारपुरी क्षेत्र को आकर्षक और भव्य स्वरूप दिया गया है।
केदारनाथ धाम में हेलिकॉप्टर से पुष्पवर्षा
केदारनाथ धाम के कपाट खुलने के बाद हेलिकॉप्टर से मंदिर के प्रांगण में पुष्पवर्षा की गई है। पुष्प वर्षा के लिए दो हेलिकॉप्टर तैनात किए गए थे। 23 अप्रैल को बद्रीनाथ धाम के कपाट विधि-विधान के साथ खोले जाएंगे। जिसके साथ ही चारधाम यात्रा की पूरी तरह से शुरुआत हो जाएगी। इस पवित्र यात्रा का शुभारंभ अक्षय तृतीया के दिन गंगोत्री और यमुनोत्री के गेट खुलने के साथ ही 19 अप्रैल को हो चुकी है
पीएम मोदी ने किया ट्वीट
केदारनाथ धाम के कपाट खुलने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट किया। उन्होंने लिखा, ‘देवभूमि उत्तराखंड की पवित्र धरती पर आज श्री केदारनाथ धाम के कपाट पूरे विधि-विधान के साथ हम सभी श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए हैं। केदारनाथ धाम और चारधाम की यह यात्रा हमारी आस्था, एकता और समृद्ध परंपराओं का दिव्य उत्सव है। इन यात्राओं से हमें भारत की सनातन संस्कृति के दर्शन भी होते हैं। इस वर्ष चारधाम यात्रा के आरंभ उत्सव पर, उत्तराखंड आने वाले सभी श्रद्धालुओं के लिए मैंने एक पत्र के माध्यम से अपनी भावनाएं व्यक्त की हैं। मेरी कामना है कि बाबा केदार सभी पर अपनी कृपा बनाए रखें और आपकी यात्राओं को शुभ करें। हर-हर महादेव!’

