कामाख्या-रांची एक्सप्रेस पर पत्थरबाजी करने वाला गिरफ्तार, चोरी में नाकाम होने पर गुस्से में तोड़ा था ट्रेन का शीशा

KK Sagar
3 Min Read

धनबाद। रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) धनबाद ने कामाख्या-रांची एक्सप्रेस पर पत्थरबाजी कर ट्रेन का शीशा तोड़ने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने पूछताछ में स्वीकार किया है कि चोरी करने में असफल होने के बाद उसने गुस्से में ट्रेन पर पत्थर फेंका था।

जानकारी के अनुसार, 8 अप्रैल 2026 को गाड़ी संख्या 15662 कामाख्या-रांची एक्सप्रेस जमुनियांटांड़ पुल के पास से गुजर रही थी। इसी दौरान किसी अज्ञात व्यक्ति ने ट्रेन पर पत्थर फेंक दिया, जिससे एच-1 कोच (फिजिकल कोच संख्या 242015) का शीशा बाहर से टूट गया। घटना के बाद एसएसई/सी एंड डब्ल्यू/रांची, ड्यूटी अटेंडेंट, ड्यूटी सीटीआई तथा आरपीएफ रांची के अधिकारियों ने संयुक्त रिपोर्ट तैयार की। सहायक उप निरीक्षक नंदू प्रसाद के शिकायत पत्र के आधार पर मामला दर्ज कर जांच की जिम्मेदारी उप निरीक्षक पालिक मिंज को सौंपी गई।

जांच के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि पत्थरबाजी करने वाला युवक नशे का आदी है और 14 जून को धनबाद स्टेशन के दक्षिणी छोर पर देखा गया है। सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक के निर्देशन में आरपीएफ धनबाद की टीम ने स्टेशन परिसर और आसपास सघन गश्त व चेकिंग अभियान चलाया। इसी क्रम में स्टेशन के साउथ साइड स्थित पीपल के पेड़ के पास संदिग्ध युवक को घेरकर दोपहर करीब 3:10 बजे गिरफ्तार कर लिया गया।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान बजरंगी महतो (26 वर्ष), पिता सागर महतो, निवासी गांधी रोड, आचारपट्टी, थाना धानसर, जिला धनबाद के रूप में हुई है।

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह नशे का आदी है और नशे की लत पूरी करने के लिए धनबाद से चंद्रपुरा के बीच चलने वाली ट्रेनों में यात्रियों के मोबाइल, पर्स और अन्य सामान चोरी करता था। उसने स्वीकार किया कि 8 अप्रैल को वह चोरी की नीयत से कामाख्या-रांची एक्सप्रेस में धनबाद से चंद्रपुरा की ओर जा रहा था। चोरी के प्रयास के दौरान एक यात्री के जाग जाने से वह सफल नहीं हो सका। इसके बाद डर के कारण जमुनियांटांड़ पुल के पास धीमी गति से चल रही ट्रेन से उतर गया और गुस्से में आकर ट्रेन पर पत्थर फेंक दिया, जो एच-1 कोच के शीशे में जाकर लगा। मौके पर पुलिसकर्मियों को आता देख वह फरार हो गया था।

आरपीएफ के अनुसार, आरोपी के विरुद्ध पहले किसी प्रकार का आपराधिक मामला दर्ज नहीं पाया गया है। गिरफ्तार आरोपी को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए रेलवे न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में मंडल कारा, धनबाद भेज दिया गया।

Share This Article
उत्कृष्ट, निष्पक्ष, पारदर्शिता और ईमानदारी - पत्रकारिता की पहचान है k k sagar....✍️....