‘कोर्ट और विपक्ष का सवाल अब इतिहास’, एमएलसी बनने के बाद दीपक प्रकाश की पहली प्रतिक्रिया

Neelam
By Neelam
3 Min Read

बिहार के पंचायती राज मंत्री दीपक प्रकाश को राज्यपाल ने बिहार विधान परिषद का सदस्य मनोनीत कर दिया है। बिहार सरकार की अनुशंसा पर राज्यपाल ने बुधवार को ये फैसला किया है। दीपक प्रकाश को एमएलसी बनाए जाने का कदम ऐसे समय में उठाया गया है कि जब सुप्रीम कोर्ट ने दीपक प्रकाश के मंत्री बने रहने पर सवाल उठाए थे। एमएलसी बनाए जाने के बाद दीपक प्रकाश की पहली प्रतिक्रिया सामने आ है।

दीपक प्रकाश ने पीएम मोदी समेत इन नेताओं को कहा धन्यवाद

दीपक प्रकाश ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी सहित एनडीए के सभी सहयोगी दलों के नेताओं का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि उन्हें मिली नई जिम्मेदारी उनके लिए प्रेरणा का स्रोत है और वह पहले से अधिक प्रतिबद्धता के साथ जनता की सेवा करेंगे। दीपक प्रकाश ने कहा कि वह सबसे पहले प्रधानमंत्री मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री शाह, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, उपेंद्र कुशवाहा, चिराग पासवान, जीतन राम मांझी और एनडीए गठबंधन के सभी नेताओं का धन्यवाद व्यक्त करना चाहते हैं।

विपक्ष के सवाल पर अब अप्रासंगिक-दीपक प्रकाश

वहीं, विपक्ष की ओर से उठाए गए सवालों और नैतिकता के आधार पर उनके इस्तीफे की मांग को लेकर पूछे गए सवाल पर दीपक प्रकाश ने कहा कि अब उन सभी बातों का कोई औचित्य नहीं रह गया है। अब सभी औपचारिक प्रक्रियाएं पूरी हो चुकी हैं और जो भी बातें पहले कही जा रही थीं, वे अब अप्रासंगिक हो गई हैं। नई जिम्मेदारी मिलने के बाद उन्हें और अधिक समर्पण तथा प्रतिबद्धता के साथ कार्य करने की प्रेरणा मिली है।

सुप्रीम कोर्ट के सवाल पर बोले-ये इतिहास की बात

साथ ही मामला में सुप्रीम कोर्ट की और से सम्राट चौधरी सरकार से जवाब मांगे जाने के सवाल पर उन्होंने कहा कि मामला जरूर था, लेकिन अब वह इतिहास की बात हो चुकी है। अब उन मुद्दों का कोई औचित्य नहीं बचा है। वह पूरी तरह अपने दायित्वों के निर्वहन पर ध्यान केंद्रित करेंगे।

उपेंद्र कुशवाहा ने भी दिया धन्यवाद

दीपक प्रकाश को बिहार विधान परिषद का सदस्य बनाए जाने पर सांसद उपेंद्र कुशवाहा ने कहा, राष्ट्रीय लोक मोर्चा के युवा नेता एवं बिहार के माननीय पंचायती राज मंत्री दीपक प्रकाश को बिहार विधान परिषद का सदस्य मनोनीत किए जाने के लिए देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, एलजेपी(आर) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान व केंद्रीय मंत्री जीतनराम मांझी के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त करता हूं। मुझे पूरा विश्वास है कि दीपक प्रकाश पूर्ण समर्पण और जनसेवा की भावना के साथ बिहार के विकास तथा जनता के हितों को नई मजबूती देंगे।

Share This Article