​BLO ध्यान दें! घर-घर सर्वे में बरती लापरवाही तो होगी कार्रवाई, DC राजीव रंजन ने दिए सख्त निर्देश

Manju
By Manju
3 Min Read

डिजिटल डेस्क।जमशेदपुर: जिले में विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान को गति देने के लिए प्रशासनिक स्तर पर कवायद तेज हो गई है। मतदाता सूची को पारदर्शी और शत-प्रतिशत सटीक बनाने के उद्देश्य से जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त राजीव रंजन ने बूथ लेवल अधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण ऑनलाइन समीक्षा बैठक की। इस दौरान उन्होंने स्पष्ट किया कि कोई भी बीएलओ दफ्तर या एक जगह बैठकर काम निपटाने की कोशिश न करे, सभी को मैदान में उतरकर हर चौखट तक पहुंचना होगा।

नजरी नक्शे से बनेगी हर घर की पहचान
बैठक में उपायुक्त ने निर्देश दिया कि बीएलओ अपने-अपने क्षेत्रों का नजरी नक्शा(Site Map) तैयार करें। इसी नक्शे को आधार बनाकर डोर-टू-डोर सर्वे किया जाएगा। हर परिवार की मैपिंग की जाएगी और प्रत्येक मकान को एक वास्तविक या नोशनल हाउस नंबर दिया जाएगा। इसका मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि क्षेत्र का कोई भी परिवार या पात्र नागरिक सत्यापन प्रक्रिया से न छूटे।

इन विधानसभा क्षेत्रों के मतदान केंद्रों की हुई समीक्षा
समीक्षा बैठक के दौरान उपायुक्त ने जिले की कई विधानसभा क्षेत्रों के कई बूथों के बीएलओ से सीधी बातचीत कर प्रगति रिपोर्ट ली।
​बहरागोड़ा (44): मतदान केंद्र संख्या 78, 210, 211, 310
​घाटशिला (45): मतदान केंद्र संख्या 64, 74, 82
​पोटका (46): मतदान केंद्र संख्या 67, 215, 370
​जुगसलाई (47): मतदान केंद्र संख्या 197, 410, 200
​जमशेदपुर पूर्वी (48): मतदान केंद्र संख्या 65, 126, 266
​जमशेदपुर पश्चिमी (49): मतदान केंद्र संख्या 416, 417

नए फॉर्म भरने और दावा-आपत्ति पर विशेष ध्यान
उपायुक्त ने कहा कि क्षेत्र भ्रमण के दौरान नए योग्य मतदाताओं को जोड़ने के लिए फॉर्म 6 और विवरण सुधार/स्थानांतरण के लिए फॉर्म 8 समय पर प्राप्त किए जाएं। इसके साथ ही मतदाता सूची से जुड़ी किसी भी तरह की आपत्ति या दावे को नियमानुसार दर्ज करने की हिदायत दी गई।

अधिकारियों को निगरानी और तकनीकी मदद के आदेश
क्षेत्रीय कामकाज में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए सभी निर्वाचक निबंधन अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि वे बीएलओ की फील्ड गतिविधियों पर लगातार नजर रखें। जहां कहीं भी बीएलओ को प्रशासनिक या तकनीकी समस्या आ रही हो, वहां तत्काल सहायता पहुंचाई जाए।

जिला प्रशासन की आम जनता से अपील
प्रारूप मतदाता सूची के प्रकाशन के बाद अब नागरिकों के पास अपना नाम जांचने और संशोधन कराने का अवसर है। जिला प्रशासन ने आम लोगों से अपील की है कि वे मतदाता सूची में अपना व अपने परिवार के सदस्यों का नाम जरूर जांच लें। अगर कोई नाम छूट गया हो या उसमें कोई त्रुटि हो, तो निर्धारित समयावधि के भीतर अपना दावा या आपत्ति दर्ज कराएं।

Share This Article