एक महीने का अल्टीमेटम, किराया होगा रिवाइज
रणधीर वर्मा चौक स्थित कृषि बाजार की दुकानों को लेकर जिला प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाया है। वर्षों से किराया बकाया रखने वाले दुकानदारों को अब एक महीने के भीतर बकाया राशि जमा करने या दुकान खाली करने का अल्टीमेटम दिया गया है। साथ ही किराए की राशि को भी रिवाइज करने का निर्णय लिया गया है।
यह फैसला उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आदित्य रंजन की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में लिया गया। बैठक में कृषि बाजार के पणन सचिव ने जानकारी दी कि वर्ष 2006 में रणधीर वर्मा चौक से लिंडसे क्लब की ओर जाने वाली मुख्य सड़क पर 25 दुकानें और उनके पीछे 63 शेड बनाए गए थे। वर्ष 2019 में किराए की राशि रिवाइज की गई थी, लेकिन वर्तमान में दुकानों का मासिक किराया मात्र 800 रुपए है।
उन्होंने बताया कि कई दुकानदारों ने अपने नाम पर दुकान आवंटित कर उसे सब-लीज पर दे दिया है, जबकि अधिकांश दुकानदार वर्षों से किराया भी जमा नहीं कर रहे हैं। बकाएदारों को नोटिस जारी किए जाने के बावजूद किराया नहीं मिलने से विभाग को भारी राजस्व नुकसान हो रहा है।
बैठक में निर्णय लिया गया कि किराया बकाया रखने वाले दुकानदारों से एक महीने के भीतर वसूली सुनिश्चित की जाएगी, अन्यथा उन्हें दुकान खाली करानी होगी।
इस बैठक में उप विकास आयुक्त सन्नी राज, नगर आयुक्त आशीष गंगवार, अपर समाहर्ता विनोद कुमार, पणन सचिव विपुल कुमार सिंह, अंचल अधिकारी राम प्रवेश, कार्यपालक दंडाधिकारी रविन्द्र नाथ ठाकुर, आईटी मैनेजर रुपेश कुमार मिश्रा एवं प्रशांत कुमार सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

