वो बंगाल हमारा है…मतगणना और रूझानों के बीच सीएम सम्राट चौधरी की पहली प्रतिक्रिया

Neelam
By Neelam
2 Min Read

पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव की काउंटिंग जारी है। रुझानों में बीजेपी की सुनामी आती दिख रही है। रूझानों में भाजपा 200 के करीब पहुंच गई है। चुनाव आयोग के आंकड़ों के मुताबिक बीजेपी 194 सीटों पर बढ़त बनाए हुए हैं। इस बीच सियासी दलों की ओर से प्रतिक्रियाएं भी आने लगी हैं। बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बंगाल की जनता का आभार जताया है।

सम्राट चौधरी ने ऐतिहासिक जनादेश के लिए जताया आभार

बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने अपने एक्स हैंडल से पोस्ट पश्चिम बंगाल की जनता को ऐतिहासिक जनादेश के लिए बधाई दी। सम्राट चौधरी ने कहा, “जहां पैदा हुए श्यामा प्रसाद मुखर्जी, वो बंगाल हमारा है। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी को ऐतिहासिक जनादेश देने के लिए बंगाल की जागरूक और राष्ट्रनिष्ठ जनता का हृदय से कोटि-कोटि अभिनंदन। भारत माता की जय!”

बीजेपी का तेजस्वी यादव पर तंज

वहीं, बीजेपी बिहार की ओर से भी एक्स अकाउंट के जरिए पोस्ट शेयर किया गया है। इस पोस्ट में ममता बनर्जी के अलावा अन्य राज्यों के सीएम के साथ तेजस्वी यादव की तस्वीरों को शेयर कर तंज कसा है। लिखा है, “मंजिल की तलाश में निकले थे हमसफर बनकर, मगर जहां-जहां गए, वहां की कश्ती ही डुबो आए। खुद की जमीन खिसकी हुई है और चले थे दूसरों का सहारा बनने।” इस तरह से नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव को निशाने पर लिया गया।

आरजेडी ने बीजेपी और चुनाव आयोग को घेरा

दूसरी तरफ, आरजेडी के प्रवक्ता शक्ति सिंह यादव ने भी बंगाल चुनाव के नतीजों पर प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा, “बंगाल चुनाव के शुरुआती रुझानों में भले ही उतार-चढ़ाव दिख रहा हो, लेकिन जमीनी हकीकत यही है कि अंतिम परिणाम तय तौर पर ममता बनर्जी जी के पक्ष में ही जाएगा। चुनाव आयोग ने भाजपा के पक्ष में लोकतंत्र को कमजोर करने के लिए जो बेशर्म कसरत की है, वह अब किसी से छिपी नहीं है।”

Share This Article