उदय सिंह मीना ने शनिवार को डीडीयू जंक्शन से निरीक्षण यान के माध्यम से चल निरीक्षण करते हुए जपला स्टेशन पहुंचकर विभिन्न व्यवस्थाओं और विकास कार्यों का जायजा लिया। इस दौरान मंडल के संबंधित शाखा अधिकारी भी मौजूद रहे।
निरीक्षण के क्रम में DRM ने जपला स्टेशन पर चल रहे विकास कार्यों के साथ स्टेशन अधीक्षक कार्यालय, पैनल रूम, रिले रूम, बैटरी रूम और आरपीएफ पोस्ट का निरीक्षण किया। इसके अलावा सिग्नल, इंजीनियरिंग और विद्युत विभाग से जुड़े कार्यस्थलों की स्थिति का भी अवलोकन किया गया।
स्टेशन परिसर में प्लेटफॉर्म, सर्कुलेटिंग एरिया, यात्री सुविधाओं, स्वच्छता व्यवस्था और रेल परिचालन की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। स्टेशन पर लगाए गए सोलर पैनलों की कार्यस्थिति का भी निरीक्षण किया गया।
मंडल रेल प्रबंधक ने जपला स्टेशन के पूरे रेल परिक्षेत्र का पैदल भ्रमण कर विभिन्न संसाधनों और व्यवस्थाओं का सूक्ष्म निरीक्षण किया। इस दौरान वे रेलवे कॉलोनी भी पहुंचे, जहां कॉलोनीवासियों से संवाद कर उनकी समस्याओं और सुविधाओं की जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान स्टेशन पर स्थापित अग्निशमन यंत्रों का परीक्षण कराया गया, ताकि आपातकालीन स्थिति में उनकी तत्पर उपलब्धता और कार्यक्षमता सुनिश्चित की जा सके। बढ़ती गर्मी को देखते हुए DRM ने रेल कर्मियों को कार्यस्थल पर सतर्क रहने के निर्देश दिए। साथ ही ओआरएस पैकेट की उपलब्धता सुनिश्चित करने और चिकित्सा विभाग द्वारा जारी हीट वेव संबंधी दिशा-निर्देशों का पालन करने पर विशेष जोर दिया गया।
इसके बाद सिगसिगी स्टेशन और करकट्टा स्टेशन पर भी यात्री सुविधाओं, स्वच्छता और परिचालन व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया गया। वहीं वापसी के दौरान मोहम्मदगंज स्टेशन तथा हैदर नगर स्टेशन का भी निरीक्षण कर अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत चल रहे विकास कार्यों और मौजूदा सुविधाओं की समीक्षा की गई।

