पांकी में पुलिस का बड़ा एक्शन: 6.608 किलो गाँजा और लाखों नकद बरामद, पिता-पुत्र फरार

KK Sagar
2 Min Read

पलामू : पलामू जिले के पांकी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम दुबईया माइझ में पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में गाँजा जैसा पदार्थ बरामद किया है। इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने घर से लाखों रुपये नकद भी जब्त किए हैं। हालांकि पुलिस के पहुंचने से पहले ही आरोपी पिता-पुत्र मौके से फरार हो गए।

पलामू पुलिस द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, 10 मई 2026 को अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी लेस्लीगंज (पांकी) मनोज कुमार झा के नेतृत्व में विशेष छापेमारी अभियान चलाया गया। गुप्त सूचना के आधार पर की गई इस कार्रवाई में एक घर से कुल 6.608 किलोग्राम गाँजा जैसा मादक पदार्थ बरामद किया गया।

छापेमारी के दौरान पुलिस ने घर से 1 लाख 99 हजार 500 रुपये नकद भी जब्त किए, जिसमें 500 रुपये के कुल 399 नोट शामिल हैं। पुलिस के अनुसार आरोपी अनुज सिंह और उसका पुत्र विकास कुमार कार्रवाई की भनक लगते ही फरार हो गए। दोनों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

इस मामले में पांकी थाना कांड संख्या 0-74/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट 1985 की धारा 20(b)(ii)(B), 25 एवं 29 के अंतर्गत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में मादक पदार्थों के कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और इसमें शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। छापेमारी टीम में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के साथ कई पुलिस पदाधिकारी एवं जवान शामिल रहे, जिनकी सक्रियता से यह बड़ी सफलता हाथ लगी।

Share This Article
उत्कृष्ट, निष्पक्ष, पारदर्शिता और ईमानदारी - पत्रकारिता की पहचान है k k sagar....✍️....