हजारीबाग में बनेगा मेगा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, खिलाड़ियों को एक छत के नीचे मिलेंगी विश्वस्तरीय सुविधाएं

KK Sagar
3 Min Read
प्रतीकात्मक फोटो

हज़ारीबाग़ के खिलाड़ियों के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है। झारखंड सरकार जिले में जल्द ही मेगा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स बनाने की तैयारी में जुट गई है। इस परियोजना का उद्देश्य खिलाड़ियों को आधुनिक खेल सुविधाएं उपलब्ध कराना है ताकि वे राज्य और देश स्तर पर बेहतर प्रदर्शन कर सकें।

हजारीबाग लगातार खेल के क्षेत्र में अपनी पहचान मजबूत कर रहा है। यहां के खिलाड़ी राष्ट्रीय और राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन कर सुर्खियां बटोर रहे हैं। इसी को देखते हुए सरकार ने राज्य के चुनिंदा जिलों में मेगा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स विकसित करने की योजना बनाई है और संभावना जताई जा रही है कि हजारीबाग इस परियोजना वाला झारखंड का पहला जिला बन सकता है।

प्रस्तावित मेगा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में बैडमिंटन, बास्केटबॉल, लॉन टेनिस, स्विमिंग, राइफल शूटिंग समेत कई खेलों की सुविधाएं एक ही परिसर में विकसित की जाएंगी। खिलाड़ियों को आधुनिक प्रशिक्षण, अभ्यास और प्रतियोगिताओं के लिए बेहतर माहौल उपलब्ध कराया जाएगा।

हजारीबाग दौरे पर पहुंचे कला एवं पर्यटन विभाग के सचिव Mukesh Kumar ने जिला प्रशासन और खेल पदाधिकारियों से प्रस्ताव मांगा है कि जिले में किस स्थान को मेगा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के रूप में विकसित किया जा सकता है।

इधर नगर निगम ने भी अत्याधुनिक मॉडल स्पोर्ट्स सेंटर बनाने का प्रस्ताव दिया है। महापौर Arvind Rana ने बताया कि शहर में दो ऐसी जगहें हैं जिन्हें विकसित किया जा सकता है। इनमें एक मौजूदा स्टेडियम और दूसरा डीवीसी चौक के पास स्थित Maulana Abul Kalam Azad Auditorium Indoor Stadium शामिल है।

प्रस्ताव के अनुसार परिसर में स्केटिंग रिंक, योग एवं ध्यान केंद्र, मल्टी-एक्टिविटी एरिया, ओपन जिम और रनिंग ट्रैक जैसी सुविधाएं विकसित की जा सकती हैं। साथ ही यहां प्रशिक्षण एवं प्रतिभा विकास केंद्र भी स्थापित किए जाएंगे, जहां अनुभवी प्रशिक्षकों द्वारा खिलाड़ियों को उच्चस्तरीय प्रशिक्षण दिया जाएगा।

बताया जा रहा है कि डीवीसी चौक स्थित मौलाना अब्दुल कलाम आजाद ऑडिटोरियम सह इंडोर स्टेडियम को लेकर फिलहाल गंभीर स्तर पर प्लानिंग चल रही है और जल्द ही सरकार को विस्तृत रिपोर्ट सौंप दी जाएगी।

Share This Article
उत्कृष्ट, निष्पक्ष, पारदर्शिता और ईमानदारी - पत्रकारिता की पहचान है k k sagar....✍️....