पटना में पुलिस और एसटीएफ का बीच एनकाउंटर, दो कुख्यात बदमाशों को दौड़ाकर मारी गोली

Reena Sharma
3 Min Read

बिहार में हो रहे आपराधिक वारदातों के बाद पुलिस प्रशासन एक्शन में है। अपराधियों के खिलाफ पुलिस का शिकंजा लगातार कसता जा रहा है। इसी क्रम में पटना से सटे बिहटा में पुलिस और कुख्यात अपराधियों के बीच हुई मुठभेड़ में दो बदमाश घायल हो गए। 

शार्प शूटर विदेशी राय और पप्पू राय जख्मी

पटना पुलिस द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन लंगड़ा” के तहत बिहटा इलाके में देर रात पुलिस और एसटीएफ ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए दो कुख्यात अपराधियों को मुठभेड़ में घायल कर दिया। पुलिस ने दोनों अपराधियों के पैर में गोली मारकर उन्हें पकड़ लिया। घायल अपराधियों की पहचान शार्प शूटर विदेशी राय और पप्पू राय के रूप में हुई है। दोनों का अस्पताल में इलाज चल रहा है।

Advertisement

बड़ी वारदात को अंजाम देने की तैयारी में थे अपराधी

बताया जा रहा है कि दोनों किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की तैयारी में थे, लेकिन उससे पहले ही पुलिस को इसकी भनक लग गई। एसटीएफ को सूचना मिली थी कि बिहटा इलाके में दो अपराधी किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की तैयारी कर रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने दोनों का लोकेशन ट्रैक किया। कुख्यात अपराधियों की लोकेशन बिहटा के आनंदपुर गांव स्थित बांध के पास मिली, जिसके बाद पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर दोनों बदमाशों को धर दबोचा।

हथियार और अन्य संदिग्ध सामान बरामद

मुठभेड़ में दो अपराधी विदेशिया उर्फ अवधेश उर्फ अमरेंद्र और पप्पू पुलिस की गोली का शिकार हुए। पुलिस की गोली दोनों बदमाशों के पैरों में लगी, जिसके बाद वे मौके पर ही गिर पड़े। मुठभेड़ के तुरंत बाद पुलिस ने दोनों घायलों को इलाज के लिए बिहटा रेफरल अस्पताल में भर्ती कराया। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति और बेहतर इलाज को देखते हुए उन्हें पटना एम्स रेफर कर दिया गया है। वहीं, मुठभेड़ के बाद पुलिस ने घटनास्थल से कई हथियार और अन्य संदिग्ध सामान भी बरामद किए हैं।

हत्या समेत कई मामलों में वांछित

पुलिस के अनुसार विदेशी राय और पप्पू राय पर हत्या समेत कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। दोनों लंबे समय से पुलिस के रडार पर थे। इलाके में इनके नाम से दहशत का माहौल बताया जाता है।

Share This Article