पलामू जिले के नौडीहा बाजार थाना क्षेत्र अंतर्गत बिशुनपुर पंचायत के जमुआ गांव निवासी 35 वर्षीय जितेंद्र भुईया की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। मृतक राजदेव भुईया के पुत्र बताए जा रहे हैं। घटना के बाद पूरे गांव में मातम का माहौल है।
बाकी नदी पुल के पास हुआ दर्दनाक हादसा
जानकारी के अनुसार यह हादसा छतरपुर प्रखंड क्षेत्र के शिल्दाग पंचायत स्थित बाकी नदी पुल के पास हुआ। बताया जा रहा है कि एक तेज रफ्तार बस की चपेट में आने से जितेंद्र भुईया की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। हादसा इतना भयावह था कि मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई।
घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों में जबरदस्त आक्रोश देखने को मिला। नाराज लोगों ने सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। सूचना मिलते ही झारखण्ड पुलिस की छतरपुर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर सड़क किनारे कराया।
पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझा-बुझाकर शांत कराया, जिसके बाद सड़क जाम हटाया गया। घटना के बाद मृतक के परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।

