धनबाद में झरिया पुनर्वास एवं विकास प्राधिकार (JRDA) की अहम बैठक में झरिया मास्टर प्लान को नई रफ्तार देने वाले कई बड़े फैसलों पर मुहर लगी। समाहरणालय में आयोजित प्रबंध पर्षद की बैठक की अध्यक्षता उपायुक्त सह उप कार्यकारी अधिकारी Aditya Ranjan ने की, जिसमें पुनर्वास, बुनियादी ढांचे, बिजली-पानी, स्वरोजगार और आधुनिक सुविधाओं से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों को मंजूरी दी गई।
बैठक में सबसे बड़ा फैसला वर्ष 2025-26 से 2027-28 तक के तीन वर्षों के राजस्व और पूंजीगत बजट को एकीकृत करने का लिया गया, ताकि योजनाओं के क्रियान्वयन में धन की कमी बाधा न बने और विकास कार्य समय पर पूरे हो सकें।
बेलगड़िया टाउनशिप को मिलेगा हाईटेक इंफ्रास्ट्रक्चर
बेलगड़िया टाउनशिप की कनेक्टिविटी मजबूत करने के लिए दो प्रमुख एप्रोच रोड के चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण को प्रशासनिक मंजूरी दी गई। वहीं 18,352 विस्थापित आवासों में निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए विद्युत सब-स्टेशन निर्माण को हरी झंडी दी गई।
दामोदर घाटी से बेलगड़िया तक स्थायी जलापूर्ति योजना के तहत पाइपलाइन बिछाने को भी स्वीकृति मिली है। इसके साथ ही ग्रीन एनर्जी को बढ़ावा देने के लिए टाउनशिप में 500 सोलर स्ट्रीट लाइट लगाने की योजना को आगे बढ़ाया गया, जिनमें से 395 लाइटें पहले ही लगाई जा चुकी हैं।
विस्थापितों के लिए रोजगार और स्वरोजगार पर फोकस
बैठक में युवाओं और महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए कई बड़े फैसले लिए गए। टाटा स्टील फाउंडेशन के सहयोग से ग्रासरूट स्पोर्ट्स, करियर काउंसलिंग सेंटर और डेकोरेटिव पेंटिंग कोर्स शुरू किए जाएंगे।
इसके अलावा बटन मशरूम खेती, कमर्शियल डेयरी, पोल्ट्री फार्मिंग और मछली पालन से जुड़ी योजनाओं को मंजूरी दी गई। पहले से वितरित 50 ई-रिक्शा के बाद अब 50 और ई-रिक्शा उपलब्ध कराने का प्रस्ताव भी भेजा जाएगा।
बेलगड़िया में जनऔषधि केंद्र, फ्री वाई-फाई और एंबुलेंस सुविधा
टाउनशिप में स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए पीएम जनऔषधि केंद्र खोलने का निर्णय लिया गया। साथ ही मिडिल स्कूल, प्रशासनिक भवन और पीएचसी में फ्री वाई-फाई की सुविधा देने पर सहमति बनी।
बैठक में डेडिकेटेड एंबुलेंस, फायर स्टेशन, एटीएम, पोस्ट ऑफिस, प्रवेश द्वार और अंतिम यात्रा वाहन जैसी सुविधाओं को भी मंजूरी दी गई।
झरिया कोलफील्ड के चारों ओर बनेगा चार-लेन रिंग रोड
झरिया कोयला क्षेत्र में आग और भू-धसान की समस्या को देखते हुए चार-लेन रिंग रोड परियोजना को आगे बढ़ाने पर जोर दिया गया। अधिकारियों को ऐसा मार्ग चिन्हित करने का निर्देश दिया गया जो आग और भू-धसान से प्रभावित न हो और आसपास की आबादी को बेहतर कनेक्टिविटी दे सके।
अब एक परिवार को मिल सकेंगे दो फ्लैट
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि जिन विस्थापित परिवारों को पहले केवल एक फ्लैट मिला था, उन्हें संशोधित योजना के तहत दो फ्लैट देने के लिए कोयला मंत्रालय को प्रस्ताव भेजा जाएगा।
उपायुक्त आदित्य रंजन ने कहा कि झरिया पुनर्वास योजना को सिर्फ आवास तक सीमित नहीं रखा जाएगा, बल्कि इसे आधुनिक सुविधाओं, रोजगार, शिक्षा और बेहतर जीवनशैली से जोड़कर विकसित किया जाएगा ताकि विस्थापित परिवारों को सुरक्षित और सम्मानजनक जीवन मिल सके।

