रिश्तों का कत्ल! ‘मुंह बोली मामी’ से अवैध संबंध के शक में पति ने युवक को दी रोंगटे खड़े कर देने वाली मौत

Manju
By Manju
4 Min Read

डिजिटल डेस्क। जमशेदपुर: जमशेदपुर से एक रोंगटे खड़े कर देने वाली वारदात सामने आई है, जहां अवैध संबंध के शक ने एक हंसते-खेलते परिवार को उजाड़ दिया और एक युवक की जान ले ली। परसुडीह थाना क्षेत्र के करनडीह लाइन टोला में मंगलवार देर रात एक 35 वर्षीय युवक की भारी स्टील की डेकची (बर्तन) से ताबड़तोड़ हमला कर बेरहमी से हत्या कर दी गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है।

मुंह बोली मामी कहता था, पर पति को था गहरा शक
​पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक मृतक की पहचान मोहन सोरेन के रूप में हुई है, जो मूल रूप से ओडिशा का रहने वाला था और पेशे से कान्वाई चालक था। मोहन का आरोपी राजू मुर्मू के घर अक्सर आना-जाना था। वह राजू की पत्नी सविता मुर्मू को अपनी मुंह बोली मामी कहता था। हालांकि राजू के मन में दोनों के रिश्तों को लेकर गहरा शक था। इसी अवैध संबंध के शक के चलते घर में अक्सर विवाद होता रहता था।

आधी रात को खूनी ड्रामा: पहले पत्नी को पीटा, फिर दोस्त को उतारा मौत के घाट
​घटना वाले दिन यानी मंगलवार देर रात जब मोहन सोरेन राजू के घर पहुंचा तो इसी शक को लेकर राजू उसकी पत्नी सविता और मोहन के बीच भारी विवाद शुरू हो गया। गुस्से में आकर राजू ने पहले अपनी पत्नी सविता के साथ बेरहमी से मारपीट की और उसे घर से भगा दिया। डरी-सहमी सविता आधी रात को ही अपने दोनों बच्चों को लेकर वहां से भाग गई और रात एक दूसरे के घर में बिताई। सविता के जाने के बाद घर में अकेले बचे मोहन और राजू के बीच विवाद और हिंसक हो गया। तैश में आकर राजू ने घर में रखी भारी स्टील की डेकची उठाई और मोहन पर ताबड़तोड़ वार करने शुरू कर दिए। सिर और शरीर के अन्य हिस्सों पर गंभीर चोटें लगने के कारण मोहन ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

सुबह जब घर लौटी पत्नी तो उड़ गए होश
​बुधवार सुबह जब सविता वापस अपने घर पहुंची तो अंदर का नजारा देखकर उसके होश उड़ गए। घर में मोहन का खून से लथपथ शव पड़ा था। घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई। परसुडीह थाना के एएसआई रितेश ने बताया कि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी राजू मुर्मू को गिरफ्तार कर लिया है।​

पुलिस ने बरामद किए साक्ष्य
​पुलिस ने घटनास्थल से कई महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए हैं, जिनमें मृतक मोहन सोरेन का मोबाइल फोन, खून से सनी वह भारी स्टील की डेकची जिससे हत्या की गई और ​अन्य फोरेंसिक साक्ष्य शामिल है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आरोपी राजू से गहन पूछताछ की जा रही है। मृतक के भाई जो सुंदरनगर के नया बस्ती क्षेत्र में रहते हैं, उन्हें भी घटना की सूचना दे दी गई है।

Share This Article