पलामू – भवन नियमितीकरण की रफ्तार धीमी, अब तक सिर्फ 60 आवेदन” : 26 जून आखिरी मौका!

KK Sagar
3 Min Read

26 जून तक करें आवेदन; डिप्टी मेयर ने तय कराया एक समान एलटीपी शुल्क

पलामू। झारखंड सरकार द्वारा अवैध रूप से निर्मित भवनों के नियमितीकरण के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान को मेदिनीनगर नगर निगम क्षेत्र में अपेक्षित सफलता नहीं मिल रही है। 26 जून आवेदन की अंतिम तिथि निर्धारित होने के बावजूद अब तक केवल 60 ऑनलाइन आवेदन ही प्राप्त हुए हैं। इस स्थिति पर नगर निगम के उपमहापौर मनोज सिंह ने नाराजगी जताते हुए अधिकारियों, अभियंताओं और लाइसेंसधारी तकनीकी व्यक्तियों (एलटीपी) को व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने का निर्देश दिया।

उपमहापौर कक्ष में आयोजित समीक्षा बैठक में भवन नियमितीकरण और भवन नक्शा स्वीकृति से जुड़े मामलों की विस्तार से समीक्षा की गई। नगर निगम अधिकारियों ने बताया कि लगभग 40 से 50 आवेदकों के दस्तावेज प्राप्त हो चुके हैं, जिनका सत्यापन किया जा रहा है। वहीं करीब 200 लोगों ने योजना, शुल्क और पात्रता संबंधी जानकारी प्राप्त की है, लेकिन बड़ी संख्या में लोग अभी भी आवेदन करने से पीछे हैं।

बैठक के दौरान एलटीपी शुल्क को लेकर भी अहम फैसला लिया गया। समीक्षा में पाया गया कि अलग-अलग एलटीपी द्वारा भवन मालिकों से अलग-अलग दरों पर शुल्क वसूला जा रहा था। कहीं 14 रुपये तो कहीं 15 रुपये प्रति वर्गफुट तक शुल्क लिया जा रहा था। इस पर उपमहापौर मनोज सिंह ने असंतोष जताते हुए सभी एलटीपी के साथ चर्चा की और सर्वसम्मति से नियमितीकरण कार्य के लिए एलटीपी शुल्क 8 रुपये प्रति वर्गफुट निर्धारित कराया, ताकि सभी आवेदकों से समान शुल्क लिया जाए और आम लोगों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ न पड़े।

उपमहापौर ने कहा कि भवन नियमितीकरण कराने से भवन को वैधानिक मान्यता मिल जाएगी। इससे भविष्य में भवन विस्तार, अतिरिक्त मंजिल निर्माण तथा नक्शा स्वीकृति प्राप्त करने में सुविधा होगी। साथ ही बिना स्वीकृत नक्शे के निर्माण के कारण उत्पन्न होने वाली प्रशासनिक एवं कानूनी परेशानियों से भी राहत मिलेगी।

उन्होंने बताया कि नियमितीकरण के लिए आवासीय भवनों का शुल्क 10 हजार रुपये, व्यावसायिक भवनों का 20 हजार रुपये तथा नगर निगम में बाद में शामिल क्षेत्रों के भवनों के लिए 5 हजार रुपये निर्धारित किया गया है।

बैठक में वार्ड स्तर पर विशेष प्रचार-प्रसार अभियान चलाने तथा अधिक से अधिक पात्र भवन स्वामियों तक योजना की जानकारी पहुंचाने का निर्णय लिया गया, ताकि अंतिम तिथि से पहले लोग इस अवसर का लाभ उठा सकें।

बैठक में सहायक नगर आयुक्त, नाजिर संतोष कुमार, ई. अभिषेक कुमार, ई. जैक्की, ई. सिद्धार्थ प्रियदर्शी, ई. आकाश श्रीवास्तव, ई. मोहम्मद मोसीन अख्तर, ई. साजन कुमार, ई. राजकुमार, ई. संतोष कुमार तथा ई. मोहम्मद फैज खान समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Share This Article
उत्कृष्ट, निष्पक्ष, पारदर्शिता और ईमानदारी - पत्रकारिता की पहचान है k k sagar....✍️....