मेदिनीनगर: पलामू टाइगर रिजर्व (पीटीआर) में वन अपराधों की रोकथाम को लेकर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत वन विभाग ने अवैध बीड़ी पत्ता के कारोबार पर बड़ी कार्रवाई की है। शनिवार को की गई छापेमारी में लुकुमखाड़ क्षेत्र से लगभग 25 बोरा तथा मांडू क्षेत्र से करीब 20 बोरा अवैध बीड़ी पत्ता जब्त किया गया। इससे एक दिन पहले शुक्रवार को छिपादोहर पूर्वी और छिपादोहर पश्चिमी क्षेत्रों से 32 बोरा अवैध बीड़ी पत्ता बरामद किया गया था। इस तरह दो दिनों में कुल 77 बोरा अवैध बीड़ी पत्ता जब्त किया गया है।
यह विशेष अभियान पलामू टाइगर रिजर्व के निदेशक एसआर नटेश के निर्देशन में चलाया जा रहा है। अभियान का नेतृत्व दक्षिणी प्रमंडल के उप निदेशक आशीष कुमार तथा उत्तरी प्रमंडल के उप निदेशक प्रजेश कांत जेना कर रहे हैं।
वन विभाग के अनुसार, विभिन्न स्रोतों से सूचना मिल रही थी कि कुछ लोग जंगल क्षेत्रों में अवैध तरीके से बीड़ी पत्ता की तोड़ाई कर उसका संग्रहण कर रहे हैं। इसके बाद उत्तरी एवं दक्षिणी प्रमंडल की संयुक्त टीम ने कई इलाकों में एक साथ छापेमारी अभियान चलाया।
अभियान में दोनों प्रमंडलों के विभिन्न वन क्षेत्रों की संयुक्त टीम शामिल रही, जिसमें करीब 430 वनकर्मी एवं सहायक कर्मी तैनात किए गए हैं। टीम लगातार जंगलों में गश्ती, निगरानी और छापेमारी की कार्रवाई कर रही है।
पीटीआर उत्तरी के उप निदेशक प्रजेश कांत जेना ने कहा कि वन एवं वन्यजीव संरक्षण से जुड़े कानूनों का उल्लंघन करने वाले किसी भी व्यक्ति को किसी भी परिस्थिति में बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि वन संपदा और वन्यजीवों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए इस प्रकार के संयुक्त विशेष अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।
छापेमारी अभियान में रेंजर उमेश दुबे, अजय टोप्पो सहित बड़ी संख्या में वनकर्मी मौजूद थे। वन विभाग का कहना है कि अवैध शिकार, जंगलों में अवैध घुसपैठ और अन्य वन अपराधों के खिलाफ भी इसी तरह सख्त कार्रवाई आगे जारी रहेगी।

