नीट अभ्यर्थियों के लिए खुशखबरी, बिहार में 21 जून को चलेगी 6 ‘स्पेशल ट्रेनें’

Neelam
By Neelam
2 Min Read

राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट) में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए दानापुर मंडल ने 21 जून को छह परीक्षा स्पेशल ट्रेनों के संचालन का निर्णय लिया। इन ट्रेनों के माध्यम से बिहार के विभिन्न जिलों से परीक्षा केंद्रों तक पहुंचने वाले छात्रों को आवागमन में बड़ी राहत मिलेगी।

परीक्षा केंद्रों तक पहुंचने और वापसी में नहीं होगी परेशानी

जानकारी के अनुसार परीक्षा के दिन सुबह अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्रों तक पहुंचाने तथा परीक्षा समाप्ति के बाद उन्हें उनके गंतव्य तक वापस ले जाने के लिए विशेष ट्रेनों का संचालन किया जाएगा। रेलवे अधिकारियों के अनुसार, परीक्षा के दिन अभ्यर्थियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए विभिन्न रूटों पर विशेष ट्रेनों का संचालन किया जाएगा, ताकि परीक्षार्थियों को समय पर अपने गंतव्य तक पहुंचने में किसी प्रकार की परेशानी न हो।

इस रूट पर चलेंगी स्पेशल ट्रेनें

रेलवे के मुताबिक इन स्पेशल ट्रेनों में पटना जंक्शन से दरभंगा, बक्सर से पटना, पटना से बक्सर, जसीडीह से दानापुर, दानापुर से जसीडीह तथा पटना से गया के बीच ट्रेनें चलाई जाएंगी। इससे नीट अभ्यर्थियों के लिए सफर करना काफी आसान और सुविधाजनक हो जाएगा।

रेलवे ने जारी किया टाइम टेबल 

पहली परीक्षा स्पेशल ट्रेन 21 जून को सुबह 4:30 बजे पटना जंक्शन से रवाना होकर सुबह 9:30 बजे दरभंगा पहुंचेगी। दूसरी ट्रेन बक्सर से सुबह 6:30 बजे चलकर 9:15 बजे पटना पहुंचेगी। वहीं, तीसरी ट्रेन शाम 6:20 बजे पटना से रवाना होकर रात 9:05 बजे बक्सर पहुंचेगी। चौथी स्पेशल ट्रेन जसीडीह से सुबह 3:40 बजे चलकर सुबह 9:00 बजे दानापुर पहुंचेगी, जबकि पांचवीं ट्रेन शाम 6:15 बजे दानापुर से रवाना होकर रात 11:00 बजे जसीडीह पहुंचेगी। छठी ट्रेन पटना जंक्शन से सुबह 6:00 बजे प्रस्थान कर सुबह 9:00 बजे गया पहुंचेगी।

Share This Article