जमशेदपुर में ‘लव ट्रायंगल’ का खूनी अंजाम, एक लड़की के चक्कर में युवक को 15 लोगों ने घेरकर उतारा मौत के घाट

Manju
By Manju
3 Min Read

डिजिटल डेस्क।जमशेदपुर: जमशेदपुर से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां प्रेम प्रसंग के चक्कर में एक युवक की सरेआम बेरहमी से हत्या कर दी गई। मामला मानगो थाना क्षेत्र के गुरुद्वारा रोड का है, जहां बुधवार को इस खूनी खेल को अंजाम दिया गया। इस सनसनीखेज वारदात के बाद से पूरे इलाके में दहशत और तनाव का माहौल है। मृतक की पहचान राहुल के रूप में हुई है।

एक ही लड़की से बात करने को लेकर था विवाद
​मिली जानकारी के मुताबिक इस खूनी वारदात के पीछे लव ट्रायंगल का मामला सामने आ रहा है। मृतक राहुल और शब्बी नाम का युवक एक ही लड़की से बातचीत करते थे। इसी बात को लेकर दोनों के बीच पिछले कुछ समय से विवाद और तनातनी चल रही थी। बुधवार को जब राहुल गुरुद्वारा रोड के पास पहुंचा, तो आरोपी शब्बी पहले से ही घात लगाए बैठा था। शब्बी अकेले नहीं था, बल्कि उसके साथ करीब 10 से 15 हथियारबंद साथी भी मौजूद थे।

पहले धारदार हथियार से काटा, फिर मार दी गोली
​जैसे ही राहुल वहां पहुंचा, शब्बी और उसके साथियों ने उसे चारों तरफ से घेर लिया। इससे पहले कि राहुल कुछ समझ पाता, हमलावरों ने उस पर धारदार हथियारों से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमला इतने पर ही नहीं रुका, वारदात को पुख्ता करने के लिए राहुल को गोली भी मार दी गई। राहुल लहूलुहान होकर वहीं जमीन पर गिर पड़ा।

TMH में डॉक्टरों ने घोषित किया मृत
​वारदात के बाद चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों ने हिम्मत दिखाते हुए गंभीर रूप से घायल राहुल को तुरंत टाटा मुख्य अस्पताल पहुंचाया। लेकिन अस्पताल पहुंचने तक काफी देर हो चुकी थी। डॉक्टरों ने जांच के बाद राहुल को मृत घोषित कर दिया।

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस, आरोपी फरार
​घटना की सूचना मिलते ही मानगो थाना पुलिस दलबल के साथ मौके पर पहुंची और तफ्तीश में जुट गई है। पुलिस घटनास्थल और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके।

पुलिस का बयान
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, प्राथमिक जांच में हत्या की वजह प्रेम प्रसंग और आपसी रंजिश ही नजर आ रही है। वारदात के बाद से मुख्य आरोपी शब्बी और उसके सभी साथी फरार हैं। पुलिस उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही है और दावा है कि जल्द ही मामले का पर्दाफाश कर लिया जाएगा।

Share This Article