लौहनगरी में चापड़बाजों का आतंक: सिदगोड़ा में युवक पर जानलेवा हमला कर नकदी लूटी, TMH में भर्ती

Manju
By Manju
3 Min Read

डिजिटल डेस्क।जमशेदपुर: लौहनगरी में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। पुलिस की तमाम गश्त और सुरक्षा के दावों के बावजूद शहर में चापड़बाजी और लूट की वारदातें थमने का नाम नहीं ले रही हैं। ताजा मामला सिदगोड़ा थाना क्षेत्र का है, जहां रविवार देर रात डेली कलेक्शन का काम करने वाले एक युवक पर चार बदमाशों ने जानलेवा हमला कर दिया और उससे करीब 10 हजार रुपये लूटकर फरार हो गए।

टाउन हॉल के पास घात लगाकर बैठे थे बदमाश
बारीडीह का रहने वाला अभिषेक गिरी रोजाना की तरह मानगो क्षेत्र से अपना डेली कलेक्शन का काम पूरा कर घर लौट रहा था। इसी दौरान सिदगोड़ा टाउन हॉल के समीप वह अपने एक मित्र से मोबाइल पर बात करने के लिए रुका। तभी वहां घात लगाकर बैठे अमित सिंह, अभिषेक सिंह, रितिक सिंह और दीपू नामक चार युवक पहुंचे। बिना किसी बातचीत या चेतावनी के बदमाशों ने सीधे अभिषेक पर चापड़ से हमला कर दिया।

सड़क पर गिराया, जबरन झाड़ियों में खींचने की कोशिश
घायल अभिषेक के अनुसार हमलावरों ने उस पर कई वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से जख्मी होकर सड़क पर गिर पड़ा। इतने पर भी बदमाशों का मन नहीं भरा, वे लहूलुहान अभिषेक को जबरन उठाकर पास की झाड़ियों की ओर ले जाने लगे। हालांकि, अभिषेक ने हिम्मत नहीं हारी और शोर मचाना शुरू कर दिया।

शोर मचाने पर भागे आरोपी, अस्पताल में भर्ती
अभिषेक का शोर सुनकर जैसे ही आसपास के लोगों की हलचल बढ़ी, चारों आरोपी मौके से डरकर भाग निकले। भागते समय वे पीड़ित के पास रखे कलेक्शन के ₹10,000 भी लूट ले गए। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी और गंभीर रूप से घायल अभिषेक को टाटा मुख्य अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज चल रहा है।

आपसी रंजिश या लूट? सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस
घटना की जानकारी मिलते ही सिदगोड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच में जुट गई है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि आरोपियों की लोकेशन और गतिविधियों का पता लगाया जा सके। नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है।

पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया यह मामला आपसी रंजिश, लूट या किसी पुराने विवाद से जुड़ा हो सकता है। फिलहाल घायल के बयान के आधार पर प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया जारी है और पुलिस अधिकारियों का दावा है कि जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा कर दिया जाएगा।

Share This Article