डिजिटल डेस्क।जमशेदपुर : सरकारी और सहायता प्राप्त स्कूलों में हाजिरी को लेकर चलने वाले जुगाड़ और लापरवाही पर शिक्षा विभाग ने नकेल कस दी है। फिंगरप्रिंट मैच न होने या उंगलियों में खराबी का बहाना बनाकर हाजिरी से बचने वाले शिक्षकों और कर्मियों के लिए अब रास्ते बंद कर दिए गए हैं। विभाग ने साफ कर दिया है कि अगर बायोमीट्रिक मशीन काम नहीं करेगी, तो भी छूट नहीं मिलेगी। अटेंडेंस OTP और जियो-फेंसिंग से ही लगानी होगी। स्कूली शिक्षा व साक्षरता विभाग के सचिव उमाशंकर सिंह ने इस बाबत सभी जिला शिक्षा अधिकारियों को कड़े निर्देश भेज दिए हैं।
क्यों सख्त करने पड़े नियम?
विभाग के ध्यान में यह बात आई थी कि कई शिक्षक महीनों तक मशीन में फिंगरप्रिंट न आने या किसी मेडिकल समस्या का हवाला देकर बायोमीट्रिक हाजिरी से पल्ला झाड़ लेते थे। इस ढिलाई और संभावित फर्जीवाड़े को पूरी तरह खत्म करने के लिए ही तकनीक का यह नया दायरा तैयार किया गया है।
सीधे OTP नहीं मिलेगा, गुजरना होगा 4 सख्त कड़ियों से
अगर बायोमीट्रिक अटेंडेंस फेल होती है, तो शिक्षकों को तुरंत OTP का विकल्प नहीं मिलेगा। इसके लिए तय प्रक्रिया का पालन करना होगा।
DEO/DSE के सामने हाजिरी: बायोमीट्रिक न चलने पर सबसे पहले जिला शिक्षा पदाधिकारी या जिला शिक्षा अधीक्षक की मौजूदगी में बायोमीट्रिक रजिस्ट्रेशन कराने की कोशिश होगी।
मेडिकल रिपोर्ट की स्क्रूटनी: उंगलियों की खराबी का दावा करने पर सरकारी डॉक्टर की साइन की हुई मेडिकल रिपोर्ट देनी होगी। इसके बाद मामला राज्य मुख्यालय भेजा जाएगा, जहां फिर से बायोमीट्रिक प्रयास होगा।
राज्य स्तर से मंजूरी: जब राज्य स्तर पर भी बायोमीट्रिक अटेंडेंस संभव नहीं होगी, तब राज्य परियोजना निदेशक की फाइनल हरी झंडी के बाद ही OTP का ऑप्शन अनलॉक होगा।
कैंपस से बाहर तो हाजिरी रद्द
OTP सिर्फ रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर आएगा। जैसे ही OTP दर्ज होगा, सिस्टम जियो-फेंसिंग के जरिए शिक्षक की लोकेशन ट्रेस कर लेगा। अगर शिक्षक स्कूल परिसर की तय बाउंड्री से बाहर पाया गया, तो हाजिरी खारिज कर दी जाएगी।
डेपुटेशन वाले शिक्षकों के लिए क्या बदला?
जो शिक्षक DIET, BRC या जिला दफ्तरों में प्रतिनियुक्त रहते थे, उनकी हाजिरी ई-विद्यावाहिनी पोर्टल पर दर्ज नहीं हो पाती थी। अब इन दफ्तरों को भी पोर्टल से कनेक्ट किया जा रहा है और वहां बायोमीट्रिक स्कैनर लगाए जा रहे हैं, ताकि प्रतिनियुक्त कर्मचारी भी वहीं से हाजिरी दर्ज कर सकें।

