बिहार के मधुबनी में रविवार की सुबह तेज रफ्तार का कहर दिखा। यहां सड़क हादसे में तीन महिलाओं की मौत हो गई। मॉर्निंग वॉक पर निकली तीन महिलाओं को तेज रफ्तार वाहन ने कुचल दिया। हादसा इतना भयंकर था कि मौके पर ही तीनों की मौत हो गई।
अनियंत्रित स्कॉर्पियो ने महिलाओं को रौंदा
मधुबनी जिले के बेनीपट्टी थाना क्षेत्र में रविवार सुबह स्टेट हाईवे-27 पर जगदंबा पेट्रोल पंप के पास तेज रफ्तार एक अनियंत्रित काले रंग की स्कॉर्पियो ने मॉर्निंग वॉक से लौट रही छह महिलाओं के समूह को टक्कर मार दी। गांव की छह महिलाएं प्रतिदिन सुबह मॉर्निंग वॉक के लिए इसी मार्ग पर जाती थीं। रविवार को भी सभी महिलाएं वॉक कर घर लौट रही थीं। इसी दौरान तेज रफ्तार से आ रही अनियंत्रित स्कॉर्पियो ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।
तीन महिलाओं की मौके पर ही मौत
हादसा इतना भीषण था कि तीनों महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान अरेर थाना क्षेत्र के धकजरी नवटोली गांव निवासी 42 वर्षीय रीता देवी, 40 वर्षीय किरण देवी और 70 वर्षीय फूल दाई देवी के रूप में हुई है।
रफ्तार पर लगाम लगाने की मांग
टक्कर के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। हादसे से गुस्साए स्थानीय लोगों ने सड़क जाम कर दिया। लोगों ने वाहन चालक की जल्द गिरफ्तारी और सड़क पर तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण की मांग की। ग्रामीणों का कहना है कि मुख्य मार्ग पर वाहनों की तेज रफ्तार के कारण हादसे का खतरा लगातार बना रहता है। सूचना मिलने के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंची और आक्रोशित लोगों को समझाने का प्रयास किया। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं, फरार वाहन और उसके चालक की तलाश की जा रही है।

